केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए माकपा ने जुटाए 23 लाख रूपए, भापजा पर लगाया आरोप

त्रिपुरा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित केरल के लोगों के लिए 23 लाख रुपये की सहायता राशि जुटाई है। इस बात की जाकारी पार्टी ने मंगलवार को दी। माकपा ने इस दौरान भाजपा पर उसके कार्यकर्ताओं पर कई हमले करने का आरोप लगाया है।माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य बिजन धर ने मीडिया से कहा, “कई हमलों का सामना करते हुए, माकपा नेताओं और सदस्यों ने 21-31 अगस्त को बाढ़ प्रभावित केरल के लिए पूरे त्रिपुरा से करीब 23 लाख रुपये एकत्रित किए हैं। एकत्रित सहायता राशि को केरल मुख्यमंत्री राहत निधि में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कई दुकानों, बाजारों और आम लोगों से राशि एकत्रित करने के दौरान सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने माकपा कार्यकर्ताओं पर 23 जगहों पर हमले किए और तीन जगहों पर धनराशि बॉक्स छीन लिया।धर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने खोवाई और सिपाहीजाला जिलों में समिति कार्यालय और उन पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया, जिन्होंने सहायता राशि एकत्रित की थी। उन्होंने कहा कि 21-31 अगस्त के बीच भाजपा के हमलों में हमारे 15 कार्यकर्ता घायल हुए। वाम नेता ने कहा कि कई संगठनों ने केरल के लोगों की सहायता के लिए धनराशि दी है। हालांकि भाजपा ने माकपा के आरोप से इंकार किया है। भाजपा के प्रवक्ता मृणाल कांति देब ने कहा, “धनराशि एकत्रित करने के दौरान किसी भी माकपा सदस्य पर भाजपा के लोगों ने हमला नहीं किया। कुछ आम लोग, जो माकपा के 25 वर्ष के शासनकाल के दौरान परेशान रहे थे, उन्होंने हो सकता है कि हमला किया हो।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MookYq
कोई टिप्पणी नहीं