खुशखबरीः कोरोना से जंग में भारत ने रचा इतिहास, अमरीका-रूस भी नहीं कर पाए ऐसा काम, जानिए पूरा मामला

कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच भारत ने कोरोना वैक्सीनेशन में नया रिकॉर्ड बनाया है। भारत दुनिया का पहला लोकतांत्रिक देश बन गया है, जिसने एक दिन में एक करोड़ से अधिक लोगों की कोरोना की वैक्सीन दी है। भारत में 27 अगस्त को रिकॉर्ड 63 हजार केंद्रों पर वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया और इन सभी केंद्रों पर शनिवार को एक करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज दी गईं। इस तरह से पिछले 24 घंटे में भारत में 77 लाख 7 हजार 780 कोरोना की पहली डोज दी गईं। साथ ही 26 लाख 45 हजार 510 कोरोना की दूसरी डोज दी गईं। इस तरह देश में पिछले 24 घंटे में कुल 1,03,35,290 कोरोना वैक्सीन की डोज दी गईं।टीकाकरण से संबंधित राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह नेशनल टेक्निकल एडवायजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन (एनटीएजीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एन के अरोड़ा ने बताया कि भारत का लक्ष्य है रोज एक लाख से अधिक केंद्रों पर कोरोना का वैक्सीनेशन करना। फिलहाल हम रोज 60 हजार से अधिक वैक्सीनेशन केंद्र के लक्ष्य पर पहुंच गए हैं और आगे भी वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर रोज एक करोड़ से अधिक लोगों के वैक्सीनेशन का हमारा लक्ष्य रहेगा। एक दिन में इस रिकॉर्ड वैक्सीनेशन के बाद अब भारत में कुल वैक्सीनेशन की संख्या 62 करोड़ 29 लाख 89 हजार 134 के पार हो गई है। इसमें 48,08,76,699 लोगों को पहली डोज दी गई और 14,21,12,435 लोगों को दोनों डोज दी जा चुकी हैं।डॉ. अरोड़ा ने कहा कि भारत का लक्ष्य इस साल के अंत तक अपनी सभी वयस्क आबादी को कोरोना की दोनों डोज देना है और भारत इस लक्ष्य को हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि 27 अगस्त को जो भारत ने एक करोड़ लोगों को वैक्सीन दी है ये किसी रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं दी है बल्कि ये हमारी स्वास्थ्य प्रणाली की क्षमता है और भारत आगे भी एक करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन देता रहेगा। बता दें देश की एक दिन में एक करोड़ लोगों को वैक्सीन देने की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने खुशी जाहिर की है।देश में सबसे अधिक वैक्सीनेशन अब तक उत्तर प्रदेश में हुआ है और यहां अब तक 6 करोड़ 98 लाख 52 हजार 90 लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी हैं। इसके बाद महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश राज्य वैक्सीनेशन में आगे हैं। वैक्सीनेशन के मामले में पांचवें नंबर राजस्थान है और यहां अब तक 3,19,81,604 लोगों को पहली वैक्सीन की डोज दी गई है और 1,02,51,997 लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2WutjSq
कोई टिप्पणी नहीं