गजबः पाकिस्तान में पूरी सरकारी मशीनरी युद्ध स्तर पर खोज रही है एक कुत्ते को, जानें पूरा मामला

पाकिस्तान के गुजरांवाला में पूरी सरकारी मशीनरी युद्ध स्तर पर एक मिशन में जुटी है। शहर के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। हर संभावित स्थान पर नजरें गड़ाई जा रही हैं। जगह-जगह अनाउंसमेंट करवा लोगों को सावचेत किया जा रहा है। मसला है एक पालतू श्वान के गुम होने का। गुजरांवाला के कमिश्नर जुल्फिकार अहमद घुमन का पैट डॉग जो घर से कहीं लापता हो गया। पैट की कीमत 4 लाख बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार गुजरांवाला के कमिश्नर जुल्फिकार अहमद के घर का मुख्य गेट खुला रह गया था, इसी बीच मौका पाकर पालतू श्वान बाहर निकल भाग गया। गुजरांवाला में जैसे ही श्वान के लापता होने का समाचार फैला वैसे ही पूरे सिस्टम को ड्यूटी पर लगा दिया गया है। पुलिस क्या, स्थानीय निकाय के अधिकारी क्या? सभी दिन-रात ऑटो रिक्शा में लाउडस्पीकर लगवाकर श्वान की खोज करते दिखे। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि अगर किसी के घर में श्वान पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बात यहीं खत्म नहीं हुई उधर, श्वान को खोजने के लिए कमिश्नर ने तो घोषणा कर दी कि घर-घर तलाशी ली जाए। इसके बाद क्या था। अधिकारियों ने शहर की गलियों से लेकर घर-घर की तलाशी ली। अधिकारियों को हर हाल में श्वान को खोजकर लाने को कहा गया था। आलम यह था कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन के कर्मचारियों को लापता पालतू श्वान को खोजने के लिए उनकी मुख्य ड्यूटी से हटा यह काम सौंप दिया गया। सभी को मौखिक आदेश दिए गए कि सबसे पहले कमिश्नर का श्वान तलाशा जाए। सोशल मीडिया पर श्वान के लापता होने की खबर फैलते ही कमिश्नर यूजर्स के निशाने पर आ गए। लोगों का कहना था कि अपने पैट के लिए इस तरह सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कहां तक उचित है? उधर, कमिश्नर हाउस के स्टाफ को फटकार लगाई गई कि श्वान घर से बाहर कैसे निकला?
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3x64YPr
कोई टिप्पणी नहीं