गजबः ‘कायर’ कुत्तों की चीनी पुलिस करेगी नीलामी, लोगों ने लिए मजे

क्या कोई श्वान डरपोक, कमजोर या कायर हो सकता है? आपका जवाब जो भी हो लेकिन चीन में इन्हें इसी नाम से पुकारा गया है। ये वो श्वान हैं जो पूरी तरह प्रशिक्षित हैं बस इनसे गलती यह हुई कि ये पुलिस एकेडमी के ट्रेनिंग कार्यक्रम को पास नहीं कर पाए। फिर क्या था पुलिस एकेडमी ने इन्हें डरपोक, छोटे, कमजोर और आदेश नहीं मानने वाला तमगा दे दिया। चीन के लियाओनिंग प्रान्त में कम्युनिस्ट सरकार ने इन 54 श्वानोंं को कायर करार दिया है। अब इन सभी की नीलामी होगी।जानकारी के अनुसार जिनकी नीलामी की जाएगी उनमें जर्मन शेपर्ड और बेल्जियम मालिनोइस नस्ल के श्वान शामिल हैं। खास बात यह है कि ये श्वान उन्हीं लोगों को बेचे जाएंगे जो सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, एक श्वान की कीमत 200 युआन (करीब 2200 रुपए) रखी गई है।बताया जा रहा है कि जिन 54 श्वानों को कायर बता बाहर का रास्ता दिखाया गया है, उनके बारे में चीन की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन पुलिस यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी दी गई है। नीलामी की घोषणा में कहा गया है कि खरीदारों को आश्वस्त करना होगा कि वे जानवरों की अच्छी देखभाल करेंगे। उन्हें श्वानों को न बेचने या किसी को भी न देने का वादा भी करना होगा।ज्यादातर श्वान दो से तीन साल पुराने जर्मन शेफर्ड हैं। इसके अलावा कई बेल्जियम मेलिनोइस, डच शेफर्ड, स्पैनियल और उसकी हाईब्रिड नस्ल के हैं। उधर, एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा कि पुलिस के इन डॉग्स को खत्म नहीं किया गया था। लेकिन ये कभी पुलिस डॉग बनने के लायक नहीं रहे। क्योंकि इनकी भर्ती की ही नहीं गई थी। नीलामी की इस खबर को करीब दो हफ्ते पहले ही अपलोड किया गया था। इसे अब तक 80,000 बार डाउनलोड किया जा चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक जर्मन शेफर्ड अपने शांत स्वभाव, बुद्धि, डिफेंस, वफादारी, ताकत और एथलेटिक्स जैसी ट्रेनिंग देने के लिए किसी भी देश की पुलिस अकादमी द्वारा पसंद किए जाते हैं।दूसरी ओर चीन का ट्विटर कहे जाने वाले वीबो पर इस नीलामी का मजाक उड़ाया गया है। एक वीबो यूजर ने कहा कुत्तों के लिए भी सरकारी नौकरी पाने के लिए इतना दबाव और इतनी भयंकर प्रतिस्पर्धा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा भले ही वे चोरों को पकड़ने के लिए बहुत अधिक ‘कायर’ हों, फिर भी वे बच्चों के लिए खेलने वाला खिलौना बनने के योग्य हैं। दूसरी ओर एक अन्य यूजर ने कहा, कुत्तों को घर लाते समय, कृपया इस बात को सुनिश्चित करें कि आप अपने पड़ोसियों को यह न बताएं कि वे टेस्ट में फेल हुए थे। जरा सोचिए कि आपको कैसा लगता है जब आपके माता-पिता दूसरों को बताते हैं कि आप स्कूलों के लिए आवेदन करते समय परीक्षा में फेल हो गए हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3xoMo63
कोई टिप्पणी नहीं