Twitter ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को दिया झटका, अकाउंट से हटाया ब्लू टिक, फूटा लोगों का गुस्सा

माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने भारत के उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू के अकाउंट से ब्लू टिक हटाते हुए उसे अनवेरिफाइड कर दिया है, जिसके बाद एक नया विवाद शुरू हो गया है। भारतीय जाता पार्टी के नेता ने इसे संविधान पर हमला बताया है। नई सोशल मीडिया गाइडलाइन आने के बाद से ट्विटर और सरकार के बीच विवाद चल रहा है। ऐसे में उपराष्ट्रपति का अकाउंट अनवेरिफाइड किए जाने से विवाद और बढ़ गया है। ये खबर आते ही ट्विटर पर ‘‘वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’’ ट्रेंड होने लगा है। सोशल मीडिया पर काफी लोग ट्विटर के इस कदम का विरोध कर रहे हैं। हालांकि कुछ लोगों का ये भी दावा है कि उनका अकाउंट एक्टिव नहीं था, जिस वजह से अनवेरिफाइड कर दिया गया है। बता दें ट्विटर अकाउंट के एक्टिव होने से ये मतलब है कि आप अकाउंट को पिछले छह महीनों से लगातार यूज कर रहे हैं तो मतलब पूरी तरह से एक्टिव हों। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा, भारत के उपराष्ट्रपति ने 23 जुलाई 2020 के बाद कुछ भी ट्वीट नहीं किया है, जिसका अर्थ है कि उनका खाता पिछले 10 महीनों से निष्क्रिय है। ट्विटर नीति के अनुसार ब्लू टिक स्वचालित रूप से निष्क्रिय खातों से हटा दिए जाते हैं। इसलिए उपराष्ट्रपति के अकाउंट से ब्लू टिक हटा दिया गया है। गौरतलब है कि भारत सरकार की नई गाइडलाइन को लेकर ट्विटर और सरकार के बीच हालिया दिनों में विवाद बढ़ा है। नई गाइडलाइन को अभी तक ट्विटर ने अपनी रजामंदी नहीं दी है। वहीं, कुछ दिन पहले ही कंटेंट फिल्टरिंग को लेकर दिल्ली पुलिस ने ट्विटर इंडिया के दिल्ली और गुरुग्राम के दफ्तर पर छापेमारी की थी।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3vUbVTQ
कोई टिप्पणी नहीं