Breaking News

जुलाई के पहले हफ्ते से खुल सकते हैं कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सिनेमा हॉल, रविवार को ही रहेगा कर्फ्यू


कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए मध्यप्रदेश ने 21 जून से वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया है। अभियान के पहले ही दिन 16 लाख से ज्यादा वैक्सीन प्रदेशवासियों को लगाए गए। कोरोना से लड़ाई लड़ने में वैक्सीनेशन ही एक मात्र कारगर हथियार है। अब चूंकि बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़े हैं तो सरकार ऐसे में कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सिनेमा हॉल जुलाई के पहले हफ्ते से खोल सकती है। दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार देर शाम कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सिनेमा हॉल खोलने के संकेत दिए थे, सीएम का कहना है कि लोगों ने बढ़ चढ़कर वैक्सीनेशन के महायज्ञ में भागीदारी की है। इसकी रफ्तार यही रही तो कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सिनेमा हॉल को खोलने पर विचार करेंगे। बता दें कि प्रदेश के कॉलेज 50% कैपिसिटी के साथ 6 महीने पहले खुले थे, लेकिन बढ़ते मामलों के बाद अप्रैल कॉलेजों को फिर बंद कर दिया गया। जबकि कोचिंग सेंटर सवा साल से बंद हैं। अब बस रविवार को ही कर्फ्यू रहा करेगा। 16 जून से सरकार ने बाकी दिनों के कर्फ्यू को हटा दिया है। राज्य में वैक्सीनेशन अभियान तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार बंद पड़े सिनेमा हॉल को जल्द ही खोल सकती है। मध्यप्रदेश में अब तक 1.66 करोड़ से ज्यादा डोज लग चुके हैं। यानी 21 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं। वैक्सीनेशन महा अभियान 30 जून तक चलेगा। इन दिनों में 55 लाख लोगों को पहला डोज लगने की उम्मीद है। यानी 18 साल से ज्यादा उम्र की 38 से 40% आबादी को कोरोना के असर का खतरा कम हो जाएगा। सरकार के पास 19 लाख डोज का स्टॉक था। इन 19 लाख डोज में से 16 लाख एक ही दिन में लग गई। पहले दिन यानि 21 जून को 10 लाख डोज लगाने का टारगेट रखा गया था, जबकि 16 लाख डोज लग गए। अब अगर स्टॉक की तरफ देखे तो केवल 3 लाख डोज बचे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है, केंद्र सरकार 5 लाख अतिरिक्त डोज दे रही है। सरकार ने 30 जून तक 50 लाख डोज लगाने का टारगेट रखा है। बता दें कि मध्यप्रदेश को केंद्र सरकार ने 30 जून तक 50 लाख डोज देना तय किया है। यानी मध्यप्रदेश को अगले नौ दिनों में कुल 55 लाख डोज मिलेंगे।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ST2g1x

कोई टिप्पणी नहीं