Breaking News

पाकिस्तान में भीषण ट्रेन हादसा, मरने वालों की संख्या 62 पहुंची, 100 से ज्यादा घायल


पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध के घोटकी जिले में दो यात्री ट्रेनों के बीच हुई टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 63 हो गयी है और 100 से अधिक घायल हैं। सुक्कुर के आयुक्त शफीक अहमद महेसर ने मंगलवार को बताया कि बचाव टीमों ने ट्रेन के क्षतिग्रस्त डिब्बों में कई शव निकाले हैं, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 63 हो गयी है। उन्होंने बताया कि हादसे में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं और उनका पानो अकील, घोटकी और मीरपुर माथेलो के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है जिनमें से 15 लोगों की हालत नाजुक बतायी जा रही है। पाकिस्तान रेलवे की प्रवक्ता नाजिया जबीन ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब पूर्वी रावलपिंडी जिले से आ रही सर सैयद एक्सप्रेस ट्रेन की मिल्लत एक्सप्रेस ट्रेन से टक्कर हो गयी, जो पहले से ही पटरी से उतरने के कारण उस ट्रैक पर मौजूद थी। पाकिस्तानी रेलवे के सूत्रों ने बताया कि दो ट्रेनों के कम से कम 13 डिब्बे पटरी से उतर कर पलट गये। दुर्घटना में सात से आठ डिब्बे पूरी तरह नष्ट हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विशेष दल अब तक दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रहा है हालांकि, उनका मानना है कि रेलवे ट्रैक और सिग्नल सिस्टम में कई समस्याओं के कारण संभवत: यह दुर्घटना हुई। इस बीच, अधिकारियों ने सोमवार सुबह से स्थगित ट्रेन सेवा फिर से बहाल कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार तड़के करीब 03.30 बजे लाहौर से कराची जा रही सर सैयद एक्सप्रेस ट्रेन की टक्कर मिल्लत एक्सप्रेस से हो गई। मिल्लत एक्सप्रेस कराची से सरगोधा जाने के दौरान पटरी से उतर कर विपरीत पटरी पर चली गयी थी।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3v1YpMH

कोई टिप्पणी नहीं