भारत में हारेगा कोरोना वायरसः मोदी सरकार का सबसे बड़ा फैसला, खरीदेंगे 30 करोड़ वैक्सीन

केंद्र हैदराबाद की फर्म बॉयलोजिकल-ई से 30 करोड़ कोविड वैक्सीन डोज की खरीद करेगा। गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। सौदे के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय फर्म को 1,500 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान करेगा तथा अगस्त-दिसंबर 2021 से निर्माता द्वारा वैक्सीन निर्माण और भंडार किया जाएगा। फिलहाल बायोलॉजिकल-ई की वैक्सीन के तृतीय चरण का क्लीनिकल परीक्षण चल रहा है। बयान में कहा गया है कि बायोलॉजिकल-ई द्वारा विकसित किया जा रहा वैक्सीन एक आरबीडी प्रोटीन सब-यूनिट वैक्सीन है और इसके अगले कुछ महीनों में उपलब्ध होने की संभावना है। बयान के मुताबिक राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह ने मेसर्स बायोलॉजिकल-ई के प्रस्ताव की जांच की और उसके अध्ययन के बाद अनुमोदन के लिए सिफारिश की गयी। बयान में कहा गया है कि मैसर्स बायोलॉजिकल-ई के साथ यह सौदा केंद्र सरकार की उस व्यापक पहल का हिस्सा है, जो स्वदेशी वैक्सीन निर्माताओं को अनुसंधान एवं विकास के लिए वित्तीय सहायता के जरिए प्रोत्साहित करना है।आपको बता दें कि केंद्र सरकार की वैक्सीन नीति पर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे। पहले विपक्ष ने केंद्र पर निशाना साधा और अब सुप्रीम कोर्ट ने भी गंभीर प्रश्न उठाए हैं। सर्वोच्च अदालत ने केंद्र से वैक्सीन नीति पर पूरी डिटेल्स देने को कहा है। इस सबके बीच अब केंद्र की ओर से 30 करोड़ वैक्सीन की डोज की एडवांस बुकिंग की गई है। अभी तक भारत में मुख्य रूप से दो वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन शामिल हैं. हालांकि रूसी वैक्सीन स्पुतनिक-वी को भी मंजूरी मिल गई है, लेकिन अभी बड़े स्तर पर ये उपलब्ध नहीं है। जुलाई में इसकी उपलब्धता बढ़ सकती है। केंद्र सरकार ने बार-बार कहा है कि साल 2021 में ही भारत में वैक्सीनेशन पूरा हो जाएगा, दिसंबर तक सरकार के पास 216 करोड़ वैक्सीन उपलब्ध होंगी। अभी एक दिन में औसत 20-25 लाख वैक्सीन की डोज लग रही हैं, जुलाई-अगस्त तक भारत सरकार का लक्ष्य हर दिन 1 करोड़ डोज लगाने का है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3uOnBpP
कोई टिप्पणी नहीं