Breaking News

Yashwant Sinha ने कहा - PM नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह को अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए


तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के आए नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए। हजारीबाग से तीन बार सांसद रहे यशवंत सिन्हा ने यहां अपने निवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिस प्रकार से बीजेपी के इन वरिष्ठ नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निजी हमले किए उससे वहां की जनता बहुत नाराज हुई और आज के परिणाम उसी के नतीजे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के इस हाल की जिम्मेदारी स्वयं प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह एवं जेपी नड्डा को लेनी चाहिए। एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव एवं 2024 के आम चुनावों पर भी पश्चिम बंगाल विधानसभा के नतीजों का असर अवश्य होगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा में 292 सीटों के लिए हुए चुनावों में अब तक घोषित परिणामों एवं रुझानों के अनुसार सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस 214 सीटों पर तथा मुख्य विपक्षी बीजेपी कुल 76 सीटों पर आगे हैं।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3xH5chl

कोई टिप्पणी नहीं