Second wave of Corona virus : केरल में 8 मई से 16 मई तक लॉकडाउन का ऐलान

केरल सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच स्थिति पर प्रबंधन और नियंत्रण के लिए 8 मई से 16 मई तक के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है। केरल के सीएम के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कहा गया- सीएम द्वारा निर्देश के अनुसार कोरोना वायरस की दूसरी लहर के मद्देनजर 8 मई से 16 मई की सुबह 6 बजे तक पूरे केरल राज्य में लॉकडाउन होगा। केरल में कोविड-19 के मामलों में प्रतिदिन हो रही वृद्धि के बीच राज्य सरकार ने जमीनी हालत से निपटने के लिए मेडिकल की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों और सरकारी अधिकारियों की तैनाती कर कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ उपायों को मजबूत करने का फैसला किया है। केरल में बुधवार को कोविड-19 के 41,953 नए मामले आए जो एक दिन में सर्वाधिक है। मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने स्थिति को गंभीर करार देते हुए कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए और कड़े कदम उठाए जाएंगे। विजयन ने अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा करने के बाद कहा कि वार्ड स्तर की समितियों को मजबूत करने के निर्देश दिये जा रहे हैं तथा इलाके के मेडिकल छात्रों को त्वरित प्रक्रिया टीम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारियों के साथ-साथ विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया में शामिल हुए सभी अधिकारियों को इन समितियों और टीम में शामिल किया जाएगा। विजयन ने कहा, ‘राज्य बहुत गंभीर स्थिति से गुजर रहा है और कोविड-19 बहुत तेजी से फैल रहा है। सभी आंकड़े बढ़ रहे हैं और जांच में संक्रमण दर भी कम नहीं हो रही है। इन परिस्थितियों में हमें कठोर पाबंदी की जरूरत है। ’ मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने कहा कि संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए और कठोर कदम उठाए जाएंगे। बता दें कि राज्य में लॉकडाउन जैसी कठोर पाबंदी पहले से ही लागू है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की एजेंसियों और राजनीतिक दलों के अलावा निजी एजेंसियों को भी राहत कार्य में काम करने की अनुमति दी जाएगी।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QXQ8eK
कोई टिप्पणी नहीं