Lord of the Rings के किरदार ऑरक के प्रति ऐसी दीवानगी, शरीर पर बनवाए टैटू, जीभ-नाक कटवाई

हॉलीवुड हो या फिर बॉलीवुड कई फिल्मी किरदार ऐसे होते हैं, जो लोगों के दिलों को छू जाते हैं। कुछ लोग वैसा ही बनना चाहते हैं। उन्हीं चुनिंदा लोगों में से एक हैं ब्राजील के रिको लेडेस्मा। 41 वर्षीय रिको फिल्म लॉर्ड ऑफ द रिंग्स के किरदार ऑरक से इतने प्रभावित हैं कि वह उसी की तरह बनना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने न सिर्फ अपने 85 प्रतिशत शरीर पर टैटू बनवा लिए हैं, बल्कि अपनी जीभ को भी दो हिस्सों में कटवा लिया है। साथ ही नाक को भी कटवा लिया है। अपने लुक को असली बनाने के लिए रिको ने दो बड़े और चार बाहर निकलते हुए दांत लगवाए हैं। हालांकि रिको का कहना है कि उन्हें कटी जीभ और लंबे दांतों के कारण खाना खाने, यहां तक कि कुछ पीने में भी दिक्कत हो रही है। इसके साथ ही आंखों में भी टैटू बनवाए हैं। रिको खुद को एक टैटू एडिक्ट मानते हैं। उनके इस जुनून में उनका पूरा साथ देती हैं उनकी 25 वर्षीय पत्नी और पियर्सिंग एक्सपर्ट कृष्णा इंसोम्निया। कृष्णा खुद टैटू की शौकीन हैं और इंटरनेट पर ‘बैट’ के नाम से जानी जाती हैं। यह कपल ब्राजील में अपने बेटी के साथ रहता है और रिको अकसर सोशल मीडिया पर अपने परिवार के साथ अपनी फोटोज शेयर करते हैं। रिको के इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोअर्स हैं। पेशे से टैटू कलाकार रिको का कहना है कि मैंने अपने शौक को पूरे सात साल दिए हैं। इसके लिए दर्द सहा है, रातों की नींद खराब की है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3wILT6C
कोई टिप्पणी नहीं