गजबः मुर्गियों ने अंडे देना बंद किए तो मालिक ने पुलिस में कर दी शिकायत

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुलिस के सामने एक अजीब मामला सामने आया। यहां एक शख्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी मुर्गियां कई दिनों से अंडे नहीं दे रही हैं। पोल्ट्री फार्म के मालिक ने पुलिस को बताया कि मुर्गी दाना बनाने वाली एक कंपनी की ओर से दिया दाना खाने के बाद फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया है। वहीं मामले पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई क्योंकि संबंधित उत्पादनकर्ता ने तीन से चार मुर्गीपालन फार्म के मालिकों को मुआवाजा देने पर सहमति जताई है जिन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा। लोनी कालभोर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र मोकशी ने कहा, शिकायतकर्ता मुर्गीपालन फार्म का मालिक है। वह और उसके इलाके के कम से कम चार और फार्म मालिकों को इसी तरह का समस्या आई जिसके बाद उसने हमारे पास यह शिकायत दर्ज कराई। शिकायकर्ता ने बताया कि उसने बगल के जिले अहमदनगर स्थित एक कंपनी से मुर्गियों का दाना खरीदा था। मोकशी ने बताया, उसने शिकायत में कहा है कि इस दाने के सेवन के बाद, उसके फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मुद्दे को लेकर अहमदनगर के प्रखंड स्तर के पशुपालन अधिकारी से विचार-विमर्श किया। जिसके बाद कंपनी के उत्पादनकर्ताओं से बात कर मामले को सुलझाया गया।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3gwg2ki
कोई टिप्पणी नहीं