Breaking News

Assam election: पीएम मोदी का बड़ा हमला, कहाः कांग्रेस ने असम को बम, बंदूक और ब्लॉकेड में झोंक दिया


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि उसने अपने लंबे शासन के दौरान असम को बम, बंदूक और ब्लॉकेड में झोंक दिया था, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने इस राज्य को शांति और सम्मान की सौगात दी है। मोदी ने यहां भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा, मुझे संतोष है कि 2016 में बीटीआर में शांति और विकास का जो वादा हमने किया था, उसे लेकर हमने बहुत ईमानदार प्रयास किया है। कांग्रेस के लंबे शासन ने असम को बम, बंदूक और ब्लॉकेड में झोंक दिया था। एनडीए ने असम को शांति और सम्मान की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि आज बीटीआर का विस्तार भी हुआ है और विकास की नई शुरुआत भी हुई है। बोडोलैंड के स्थायी विकास के लिए हमारा मंत्र है-शांति, समृद्धि और सुरक्षा। ये चुनाव महाजोत के महाझूठ और डबल इंजन के महाविकास के बीच है। जिस दल के नेताओं ने कोकराझार को हिंसा की आग में झोंका था, आज कांग्रेस ने अपना हाथ और अपना भाग्य उन लोगों को थमा दिया है। उस दौर में दिल्ली से लेकर गुवाहाटी तक कांग्रेस की सरकारें चुपचाप तमाशा देखती रहीं। आज हिम्मत देखिए, कांग्रेस एक महाझूठ बनाकर, एक बार फिर कोकराझार सहित पूरे बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन को छलने निकली है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेता बार-बार कहते हैं कि ये ताला-चाबी वाले असम की पहचान हैं। कांग्रेस के झूठ, उसकी साजिश को समझिए। सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस इन लोगों के सामने समर्पण कर चुकी है। इस अपमान की सजा कांग्रेस को तो मिलेगी ही, इस पूरे महाझूठ को मिलेगी। कांग्रेस ने हमारे सत्रों, हमारे नामघरों को अवैध कब्जा गिरोहों के हवाले किया। एनडीए ने उनको मुक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बराक, ब्रह्मपुत्र, पहाड़, मैदान-सबको भडक़ाया जबकि एनडीए ने इनको विकास के सेतु से जोड़ा है। असम के विकास के लिए यहां के लोगों का विश्वास एनडीए पर है। असम में शांति और सुरक्षा के लिए लोगों का विश्वास एनडीए पर है। पूरा हिंदुस्तान जानता है कि यहां के नौजवानों में फुटबॉल बहुत फेमस है और उन्हीं की भाषा में कहूं तो कांग्रेस और उसके महाझूठ को फिर ‘रेड कार्ड’ दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि कल एक वीडियो में पूरे असम ने देखा है कि कैसे असम की पहचान, असम की बहनों के श्रम के प्रतीक, गमोसा का सरेआम अपमान किया गया। असम को प्यार करने वाला हर व्यक्ति, इन तस्वीरों को देखकर बहुत आहत है, बहुत गुस्से में है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QWzmwd

कोई टिप्पणी नहीं