Breaking News

तारकेश्वर विधानसभा सीटः क्या भाजपा के उम्मीदवार दासगुप्ता दे पाएंगे TMC के रॉय को टक्कर


पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के प्रमुख हिंदू तीर्थ यात्रा स्थल तारकेश्वर विधानसभा सीट पर इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वप्न दासगुप्ता और तृणमलू कांग्रेस के धनेखाली प्रखंड अध्यक्ष रमेंदु सिंह रॉय के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। इससे पहले वर्ष 2016 एवं 2011 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल उम्मीदवार रछपाल सिंह ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। तृणमूल नेता सिंह ने वर्ष 2016 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुरजीत घोष को 27690 वोटों के अंतर से हराया था। इस बार पार्टी ने इस निर्वाचन क्षेत्र से रॉय को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। तारकेश्वर विधानसभा सीट अरामबाग लोकसभा क्षेत्र के अधीन आता है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल के अपरुपा पोद्दार ने भाजपा के तपन कुमार रॉय को 1142 वोटों से हरा कर जीत हासिल की थी। दासगुप्ता को वर्ष 2016 में राज्यसभा में मनोनीत सदस्य के रूप में शामिल किया। इससे पहले वर्ष 2015 में साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। विपक्षी पार्टियों की आलोचनाओं के बीच दासगुप्ता को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा। बंगाल में भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने वालों की सूची में शुमार दासगुप्ता का नाम ही आलोचनाओं के मूल में है। पद्मभूषण से सम्मानित दासगुप्ता (65) 1990 से भाजपा की विचारधारा के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस बीच अफवाह है कि बंगाल में पार्टी के सत्ता में आने पर दासगुप्ता मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार होंगे। भाजपा ने अब तक किसी को भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश नहीं किया है ऐसे में हर ओर दासगुप्ता के नामों की ही गूंज सुनायी दे रही है। तारकेश्वर निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन भरने के बाद दासगुप्ता ने कहा, पश्चिम बंगाल भाजपा द्वारा बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का केंद्र तारकेश्वर से उम्मीदवार बनाने के लिए सम्मानित किया गया। मैं एक नए, जीवंत सोनार बांग्ला अभियान के लिए तत्पर हूं। दासगुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में तृणमूल के ‘सिंडिकेट राज’ को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा, हम सभी राज्य में व्याप्त स्थिति से अवगत हैं। भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि बंगाल में लोग शांति से रहें।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2PhkOq4

कोई टिप्पणी नहीं