संजय राउत की चेतावनीः राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश मत करना, इसी आग में जल जाओगे

महाराष्ट्र में सियासी हलचल के बीच सोमवार को शिवसेना सांसद संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा नीत केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए। संजय राउत ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश हो रही है, लेकिन जो ऐसा कदम उठा रहे हैं उनके लिए ठीक नहीं होगा। अगर ऐसा सोचा तो मैं उन्हें चेतावनी देता हूं कि यह आग उन्हें भी जला देगी। राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख के इस्तीफे पर मचे घमासान को लेकर संजय राउत ने कहा कि अगर सरकार सही जांच के लिए तैयार है तो फिर बार-बार इस्तीफे की बात क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने यह तय किया है कि अनिल देशमुख के ऊपर जो आरोप लगाए गए हैं, उसमें तथ्य नहीं है तो उसकी जांच होनी चाहिए। अगर हम सभी का इस्तीफा लेते रहेंगे तो सरकार चलाना मुश्किल हो जाएगा। संजय राउत बोले कि जब तक उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री हैं, तब तक सभी मामलों की जांच बिल्कुल सही तरीके से की जाएगी। शिवसेना नेता ने साफ किया कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर के कंधे पर रखकर बंदूक चलाई जा रही है, विरोधी पक्ष लोगों को गुमराह नहीं कर सकता। संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी सरकार का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता और सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। शिवसेना सांसद ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों को महाराष्ट्र में भेजने की कोशिश हो रही है, हम एनआईए को सहयोग कर रहे हैं। सुशांत केस में जब सीबीआई ने एंट्री ली, तब परमबीर ही कमिश्नर थे। लेकिन सीबीआई कुछ नया नहीं निकाल पाई। पूरे विवाद पर राउत बोले कि तीनों पार्टियों में जो भी तय हुआ है, अंतिम फैसला कैबिनेट के मंच पर मुख्यमंत्री द्वारा ही लिया जाएगा।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3lEnGth
कोई टिप्पणी नहीं