Breaking News

ना चोट ना ही बीमारी के लक्षण, फिर भी आंखों से निकल रहे खून के आंसू, डॉक्टर भी हैरान


खून के आंसू रोना यानी असहनीय कष्ट से दुखी होना। बचपन से ही यह मुहावरा हमारी जुबान पर चढ़ा हुआ है, लेकिन चंडीगढ़ में एक महिला ने अपनी असामान्य स्थिति से इसे सच कर दिखाया है। मेडिकल साइंस भी इस अजीबोगरीब केस से हैरान है। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों चंडीगढ़ निवासी एक महिला की आंखों से अचानक खून के आंसू निकलने लगे। हालांकि सामने आया कि महिला को कोई चोट नहीं लगी थी। दो माह में जब दूसरी बार यही हुआ तो महिला अस्पताल पहुंची। जांच के बाद डॉक्टरों ने इस तरह के हालात को हीमोलैक्रिया बताया जिसके अलग-अलग कारण हो सकते हैं। इस महिला के केस में पीरियड्स के दौरान ऐसा हो रहा था, जिससे यह केस और भी दुर्लभ हो गया।डॉक्टरों के अनुसार पीरियड्स के दौरान कभी-कभी यूटरस के बाहर भी खून निकल सकता है जिसे विकेरियस मेंस्ट्रुएशन कहते हैं। केस की रिपोर्ट में डोक्टरों ने बताया कि इस महिला का केस दो दुर्लभ कंडीशन्स के साथ आने पर बना है। दरअसल, जब डॉक्टरों ने महिला की आंखों की जांच की तो उन्हें कोई चोट या दर्द नहीं मिला। किसी और बीमारी का लक्षण भी नहीं मिला।जानकारी के मुताबिक नेशनल सेंटर फॉर बायो टेक्नॉलजी इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट में कहा गया कि सभी संभावनाओं को खारिज करने के बाद पाया गया कि महिला को पीरियड्स के कारण खून के आंसू निकल रहे थे। इस कंडीशन में आंख-कान से लेकर फेफड़े और आंतों तक से खून निकल सकता है। पीडि़ता के अनुसार उसकी नाक से खून भी निकल चुका है।डॉक्टरों ने बताया कि आंखों के कुछ टिशूज में हॉर्मोन्स के कारण बदलाव भी हो सकते हैं। महिला को दवा दी गई और तीन महीने हॉर्मोनल थैरेपी की गई। इसके बाद उसकी आंख से खून निकलना बंद हो गया। डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यह एक दुर्लभ और असामान्य क्लिनिकल केस है। उनके मुताबिक हाल के समय में ऐसा केस नहीं देखा गया है। हालांकि, इस बारे में और ज्यादा स्टडी की जरूरत बताई गई है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3lITJZb

कोई टिप्पणी नहीं