मौसम विभाग की चेतावनी, सर्दी फिर दिखाएगी असर, यहां बारिश तो इन राज्यों में गिरेंगे ओले

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर भारत के मौसम पर असर डालेगा। इसके कारण उत्तराखंड में 14 से लेकर 17 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे देश के अन्य हिस्सों में ठंड और सर्द हवाएं बढ़ने की आशंका जताई गई है।इसके साथ ही आईएमडी ने यह भी पूर्वानुमान लगाया है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में 15 और 16 फरवरी को घने से लेकर अत्यधिक घना कोहरा छा सकता है। ऐसा सुबह के समय देखने को मिल सकता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी 15 और 16 फरवरी को सुबह के समय अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। आईएमडी का कहना है कि 16 फरवरी के बाद से कोहरे में कमी देखने को मिल सकती है।मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 फरवरी के बीच मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्से, झारखंड, ओडिशा और मध्य महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 17 और 18 फरवरी को विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि भी हो सकती है। बता दें कि देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों ठंड का असर देखा जा सकता है। भारत के उत्तरी हिस्से में बार बार बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के अन्य हिस्सों के मौसम में इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में रुक रुककर बर्फबारी हो रही है, तो मैदानी इलाकों में कोहरा छा रहा है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/37hBc01
कोई टिप्पणी नहीं