जमकर वायरल हो रहा है ये तलाक केस, जज ने कहा-शादी के बाद महिला ने घर के काम किए, 5 लाख मुआवजा दें

चीन में तलाक के एक केस में फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर कोर्ट की खूब किरकिरी हो रही है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि शादी के बाद महिला ने पति के घर में पांच साल काम किया है, इसलिए उसे 5 लाख रुपए मुआवजे के तौर पर मिलने चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक, चेन और वांग साल 2015 में शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन बीते साल चेन ने पत्नी से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी। हालांकि शुरुआत में वांग, तलाक नहीं चाहती थीं, लेकिन बाद में उन्होंने मुआवजे के बदले तलाक लेने का फैसला किया। अपनी अर्जी में उन्होंने लिखा कि उनके पति ने इन 5 वर्षों में कभी भी घर के काम में उनका हाथ नहीं बंटाया, इसलिए उन्हें 5 साल चेन के लिए काम करने का मुआवजा दिया जाना चाहिए।बीजिंग कोर्ट ने फैसला वांग के हक में सुनाया और कहा कि चेन को उन्हें हर महीने खर्च के लिए 2000 युआन (लगभग 22 हजार रुपये) और पिछले 5 साल में घर के कामकाज के बदले में 50,000 युआन (करीब साढे 5 लाख रुपये) देने होंगे। बताया जा रहा है कि यह चीन में अपनी तरह का पहला फैसला है जिसे लेकर वहां की सोशल मीडिया साइट ‘वाइबो’ खूब चर्चा हो रही है। इस मामले पर जहां बहुत से लोगों ने कहा कि 5 साल के कामकाज के बदले यह रकम काफी कम है। एक यूजर ने लिखा, मैं यह देख कर काफी निराश हूं कि हाउस वाइफ के काम को बहुत कम आंका जा रहा है। बीजिंग में अगर नैनी भी रखी जाए तो वह एक साल में ही 50 हजार युआन कमा लेती है। वहीं दूसरे ने लिखा, यह मामला हमें सतर्क करता है कि हम कभी हाउस वाइफ ना बनें। आप समाज में पीछे रह जाएंगी, आपका अपना कोई करियर नहीं होगा और आपके काम का कोई मोल नहीं होगा क्योंकि आर्थिक रूप से उसकी कोई कीमत ही नहीं है। जबकि कई यूजर्स ने मर्दों को घर के काम में ज्यादा हाथ बंटाने की बात कही।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3aSme2P
कोई टिप्पणी नहीं