Breaking News

बिहार चुनावः नीतीश कुमार के गठबंधन की बढ़ गई एक और सीट, जानिए कैसे


बिहार के चकाई विधान सभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव जीते सुमित सिंह जनता दल युनाइटेड (जदयू) को समर्थन देंगे। सिंह ने आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री के सरकारी आवास एक अणे मार्ग में नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान सिंह ने नई सरकार में अपनी भूमिका के संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा की है। चकाई के नवनिर्वाचित विधायक सिंह पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। वह इससे पहले भी चकाई से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के टिकट पर चुनाव जीते थे और बाद में वह जदयू में शामिल हो गए थे । इस बार उन्हें जदयू से टिकट नहीं मिला, जिसके कारण वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए थे ।उधर, बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधानमंडल दल की बैठक 15 नवंबर को होगी और उसमें नए मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगेगी । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर राजग के चारों घटक दल के नेताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 15 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे राजग के विधानमंडल दल की बैठक होगी और उसमें नेता के चयन के साथ ही अन्य सारी चीजें तय होगी । कुमार ने कहा कि बैठक में निर्णय होने के बाद सरकार बनाने के लिए राज्यपाल के समक्ष दावा पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंप दी गई है और उसके बाद अधिसूचना जारी हो गई है । वर्तमान में जो विधायक हैं वे अब 16वीं विधानसभा के सदस्य नहीं हैं । इसलिए, आज मंत्रिमंडल की बैठक जरूरी है । बैठक में जो भी निर्णय लिए जाएंगे और जो सिफारिश की जाएगी उसकी जानकारी बाद में मीडिया को दे दी जाएगी ।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/35sD1Xf

कोई टिप्पणी नहीं