अर्णब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर भड़के अमित शाह, महाराष्ट्र सरकार पर लगाया ऐसा आरोप

गृहमंत्री अमित शाह ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्णब गोस्वामी की बुधवार को मुंबई में हुई गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना की तुलना आपातकाल से करते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताया है। गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में गठबंधन की सरकार पर भी निशाना साधा।गृहमंत्री अमित शाह ने गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने एक बार फिर लोकतंत्र को शर्मसार किया। रिपब्लिक टीवी और अर्णब गोस्वामी के खिलाफ राज्य की सत्ता का दुरुपयोग व्यक्तिगत स्वतंत्रता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। यह आपातकाल की याद दिलाता है। गृहमंत्री अमित शाह के अलावा मोदी सरकार के कई अन्य वरिष्ठ मंत्रियों ने भी अर्णब गोस्वामी की गिरफ्तारी की निंदा की है। सभी ने इसे प्रेस की आजादी का दमन और इमरजेंसी जैसी कार्रवाई कहा है। भाजपा ने इस मामले में बुधवार दोपहर प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर पूरे घटना पर महाराष्ट्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। भाजपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस कर राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि इटली माफिया सरकार महाराष्ट्र में प्रेस की आजादी पर हमला कर रही है। पात्रा ने कहा, आज सच बोलने पर जो अर्णब गोस्वामी के साथ हुआ वो कल आप के साथ भी हो सकता है। बंद केस को खोल देना, कहां का लोकतंत्र है? जिस भी पत्रकार या आम आदमी ने महाराष्ट्र में सवाल उठाया है, उसके साथ जिस तरह सोनिया सेना की सरकार ने व्यवहार किया गया है, वह धिक्कार के योग्य है। संबित पात्रा ने कहा समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनके भी अपराध।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि 2014 से पहले दस वर्षों तक जिस प्रकार की सरकार रही। वह एक इटैलियन कुल की सरकार रही। मुसोलिनी के राइट हैंड रह चुके पिता की पुत्री आज जिस प्रकार भारत वर्ष में माफियाराज स्थापित कर रही है। यह सबके सामने हैं। संबित पात्रा ने इस दौरान महाराष्ट्र में अभिव्यक्ति की आजादी पर हमले से जुड़े कई केस का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हम किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, हर व्यक्ति के लिए आवाज उठा रहे हैं। यह मौलिक अधिकारों पर हमला है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3p39trh
कोई टिप्पणी नहीं