Breaking News

Bihar Chunav Result 2020 LIVE: पोस्टल बैलेट की गिनती में नीतीश और मोदी को तगड़ा झटका, जानिए कैसे


बिहार में तीन चरण में 243 विधानसभा सीट के चुनाव में पड़े वोटों की गिनती आज सुबह आठ बजे कोरोना संक्रमण से बचाव के निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, राज्य के सभी 38 जिले में बनाए गए 55 मतगणना केंद्रों पर आज सुबह आठ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। 209 सीटों पर आए रुझानों में आरजेडी 84 सीटों पर, बीजेपी 49 सीटों पर, जेडीयू 38 सीटं पर, कांग्रेस 23 सीटों पर, एलजेपी 2 सीटों पर और अन्य 13 सीटों पर आगे चल रहे हैं।बता दें कि मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सबसे पहले बैलेट पेपर से डाले गए मतपत्रों की गिनती की जा रही है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों की गणना की शुरुआत होगी। मतगणना केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जा रहा है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, एक हॉल में सात टेबल पर ही मतगणना की व्यवस्था की गई है। साथ ही, दूसरे समीप के हॉल में सात अन्य टेबल पर मतगणना की प्रक्रिया भी चल रही है। पहले मतों की गिनती करने के लिए एक हॉल में ही 14 टेबल लगाए जाते थे, लेकिन इस बार कोरोना के कारण दो हॉल में सात-सात टेबल रखे गए हैं। मुख्य हॉल में निर्वाची पदाधिकारी और दूसरे हॉल में सहायक निर्वाची पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। इनके अलावा प्रत्येक केंद्र पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। पूर्वी चंपारण, गया और बेगूसराय में तीन-तीन मतगणना केंद्र बने हैं, जबकि मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, दरभंगा, गोपालगंज, भागलपुर, नालंदा, नवादा और बांका में दो केंद्र बनाये गए हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के सबसे बड़े घटक एवं मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सबसे अधिक 144 सीटों पर चुनाव लड़ा है। वहीं उसकी सहयोगी कांग्रेस ने 70, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने 19, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने छह और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने चार उम्मीदवार उतारे हैं । इसी तरह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 115, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 110, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने सात और विकासशील इंसान पार्टी ने 11 सीट पर चुनाव लड़ा है। इनके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने 135, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने 99, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 81, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 78 सीट पर प्रत्याशी खड़े किए। इस बार 1301 निर्दलीय उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई है। इस तरह वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में तीन चरण में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को हुए मतदान में कुल 3733 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद है और जनता ने क्या फैसला किया है उसका पता आज चल जाएगा।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2IjXch1

कोई टिप्पणी नहीं