बिहार चुनावः पोलिंग बूथ पर मतदान के बीच हुई फायरिंग, युवक के मारी गई 8 गोलियां, मच गया हड़कंप

बिहार विधानसभा के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच पूर्णिया में बेनी सिंह नाम के एक युुुवक की हत्या की खबर आई है। बताया जा रहा है कि बेनी सिंह के भाई बिट्टू सिंह एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं। फिलहाल वह जेल में बंद हैं। मिली जानकारी के अनुसार बेनी सिंह को पूर्णिया के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के सरसी में बदमाशों ने घेरकर गोली मार दी। बेनी सिंह के परिवारवालों ने एक उम्मीदवार और उनके समर्थकों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। ऐन मतदान के दिन हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात उस वक्त हुई जब बेनी सरसी स्थित आवास के पास बने पोलिंग बूथ पर मतदान करने जा रहा था। अज्ञात अपराधियों ने एक के बाद एक आठ गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की जानकारी मिलने के बाद घटना स्थल पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि बिहार में तीसरे एवं अंतिम चरण में 78 विधानसभा क्षेत्र के लिए जारी चुनाव में आज अपराह्न तीन बजे तक 45.85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया वहीं वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के उप चुनाव में 45.58 प्रतिशत वोटिंग हुई है। राज्य निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि अपराह्न तीन बजे तक इन 78 विधानसभा सीट के लिए 45.85 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके हैं। इस दौरान सुपौल जिले में सबसे अधिक 51.12 प्रतिशत जबकि दरभंगा जिले में सबसे कम 41.15 प्रतिशत वोटिंग हुई है। वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए 45.58 प्रतिशत लोग वोट कर चुके हैं। पश्चिम चंपारण जिले में 45.58 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 47.46, सीतामढ़ी में 44.65, मधुबनी में 44.96, सुपौल में 51.12, अररिया में 43.22, किशनगंज में 47.55, पूर्णिया में 46.09, कटिहार में 43.11, मधेपुरा में 46.33, सहरसा में 48.98, दरभंगा में 41.15, मुजफ्फरपुर में 48.43, वैशाली में 46.34 और समस्तीपुर में 45.05 प्रतिशत मत पड़े हैं। इस बीच अररिया के जिलाधिकारी प्रशांत कुमार ने जोकीहाट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार सरफराज आलम पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि आलम अपने कोट पर अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह का बैच लगाकर मतदान केंद्र पर पहुंचे थे, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इस आरोप में आलम पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/32kvec6
कोई टिप्पणी नहीं