अब इस राज्य में घिरी भाजपा की सरकार, विपक्षी पार्टी ने किया ऐसा काम

त्रिपुरा में विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस ने विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ अत्याचारों तथा उनके दमन की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थानों के साथ खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया है। माकपा की राज्य समिति के सदस्य एवं पूर्व लोकसभा सांसद जितेन्द्र चौधरी ने पत्रकारों से शनिवार को कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही भाजपा के लोग विपक्षी दलों के पार्टी कार्यालयों पर कब्जा जमाने, स्थानीय विपक्षी नेताओं के घरों पर हमला करने और विपक्षी दलों के नेताओं को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के नेतृत्व वाली सरकार के कुशासन, जन विरोधी नीतियों, भाजपा की आपराधिक गतिविधियों, पत्रकारों समेत लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमलों, राज्य में बढ़ती हुई बेरोजगारी, चरमराता स्वास्थ्य ढांचा और बढ़ती हुई कीमतों के विरोध में माकपा पूरे राज्य में अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित कर रही है। माकपा नेता ने कहा कि लोगों ने भाजपा के चुनावी वादों पर भरोसा कर उसके पक्ष में मतदान किया, लेकिन पिछले ढाई वर्षों के दौरान भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। यदि कोई व्यक्ति अथवा पत्रकार सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे मुख्यमंत्री स्वयं सार्वजनिक रूप से धमकी देते हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Smw7eP
कोई टिप्पणी नहीं