Breaking News

भारत की जमीन हड़पने के लिए ऐसा काम कर रहा है चीन, अमरीकी रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा


अमरीका ने ड्रैगन के विस्तारवादी रवैये का खुलासा किया है। अमरीका की एक संसदीय रिपोर्ट कहा गया है कि चीन दूसरे देशों की संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है। वह भारतीय जमीन हड़पने के लिए खूनी संघर्ष कर रहा है। रिपोर्ट में इन हरकतों की निंदा करने के साथ ही चीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश भी की गई है। जानकारी के अनुसार अमरीकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के चाइना टास्क फोर्स ने यह रिपोर्ट सार्वजनिक की। रिपोर्ट के मुताबिक चाइना कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) ने हांगकांग की नागरिक आजादी को खत्म कर दिया है। वह उइगर मुस्लिमों और तिब्बतियों समेत दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों का लगातार दमन कर रही है। कम्युनिस्ट पार्टी न सिर्फ समुद्री क्षेत्रों में दूसरे देशों की संप्रभुता का उल्लंघन कर रही है बल्कि भारत की जमीन पर कब्जा करने के लिए संघर्ष भी कर रही है। भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में पांच माह से तनाव जारी है। चीन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तेजी से सैन्य और आर्थिक प्रभाव बढ़ा रहा है। उसकी इन हरकतों से क्षेत्रीय देशों की चिंता बढ़ गई है। वह लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर और पूर्वी चीन सागर पर अपना दावा करता है। उसने क्षेत्र में कई द्वीपों पर सैन्य अड्डे भी बना दिए हैं। रिपोर्ट में अमरीकी विदेश विभाग के गत जुलाई में आए उस बयान की भी सराहना की गई है, जिसमें दक्षिण चीन सागर में बीजिंग के सभी दावों को अवैध करार दिया गया था।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3inIoKH

कोई टिप्पणी नहीं