इस अधिकारी के सामने कांपते हैं बॉलीवुड स्टार, अब रिया के घर सुबह-सुबह मारा छापा, जानिए क्यों

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में सीबीआई की जांच का आज पंद्रहवां दिन है। सीबीआई के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी ) की जांच भी चल रही है। इसी कड़ी में आज सुबह एनसीबी ने सुशांत की गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा के घरों पर छापे मारे। रिया के घर एनसीबी के आठ अफसरों ने सुबह करीब 6 बजकर 40 मिनट बजे छापा मारा। यहां रिया और उनके परिवार के लोगों के फोन, लैपटॉप और हार्ड डिस्क खंगाली जा रही है। इसके साथ ही रिया और उनके भाई शोविक की कारों को भी अफसर खंगाल रहे हैं। छापे के दौरान मुंबई पुलिस की टीम भी एनसीबी के साथ मौजूद रही। माना जा रहा है कि पिछले दिनों शोविक और रिया की ड्रग्स चैट सामने आने के बाद एनसीबी ने रेड की है।गौरतलब है कि ड्रग्स कनेक्शन मामले में रिया और उनका परिवार एनसीबी के निशाने पर है। इस मामले में एनसीबी ने अब तक दो ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया है जबकि एक हिरासत में है। गिरफ्तार ड्रग्स पैडलर्स ने रिया के भाई शोविक और सुशांत के स्टाफ सैमुअल मिरांडा का नाम लिया है। वहीं एम्स की फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम आज सुशांत केस में अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है। सुशांत के परिवार ने कूपर अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए थे। जिसके बाद सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को एम्स की टीम ने रिव्यू किया है। वहीं एनसीबी ऑपरेशन सेल के डिप्टी डायरेक्टर केपीएस मल्होत्रा ने कहा कि ये सब एक प्रक्रिया के तहत हो रहा है। हम शोविक और सैमुअल के घर की जांच कर रहे हैं। मुबई पुलिस की टीम भी एनसीबी के साथ मौजूद है।एनसीबी की टीम का नेतृत्व जॉइंट डायरेक्टर समीर वानखेड़े कर रहे थे। वानखेड़े एक सख्त और ईमानदार अफसर माने जाते हैं। पहले डीआरआई में रहे वानखेड़े को खासतौर पर एनसीबी भेजा गया है। वानखेड़े पहले भी फिल्मी दुनिया और ड्रग्स के कनेक्शन पर काम कर चुके हैं। साल 2004 बैच के आईपीएस समीर की पहली पोस्टिंग मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारी के रूप में हुई। फिर उन्हें आंध्र प्रदेश और दिल्ली भी भेजा गया। समीर वानखेड़े के नेतृत्व में ही पिछले दो साल में करीब 17 हजार करोड़ रुपये के ड्रग्स पकड़े गए हैं। वानखेड़े सेलिब्रिटीज को किसी तरह के खास ट्रीटमेंट के सख्त खिलाफ हैं। कस्टम में रहते हुए उन्होंने कई सेलब्रिटीज को तब तक कस्टम क्लियरेंस नहीं दिया जब तक उन्होंने विदेशी में खरीदे सामान का खुलासा नहीं कर दिया और फिर उसपर टैक्स भरा। वह ढाई हजार से ज्यादा नामी हस्तियों को टैक्स न भरने के लिए बुक कर चुके हैं। साल 2013 में जब सिंगर मीका सिंह को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम के अधिकारियों ने विदेशी करेंसी के साथ पकड़ा था, जब वानखेड़े ने ही उनके खिलाफ ऐक्शन लिया था। अनुराग कश्यप, विवेक ओबेरॉय, रामगोपाल वर्मा समेत बॉलीवुड के कई नामों के यहां भी समीर छापेमारी कर चुके हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3boYAtc
कोई टिप्पणी नहीं