शिवसेना ने कंगना को बताया देशद्रोही, मोदी सरकार को लेकर कही ऐसी बड़ी बात

शिवसेना और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर जहां वाई प्लस सुरक्षा मिलने के बाद कंगना आज मुंबई लौट रही हैं। वहीं दूसरी ओर शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के जरिए फिर से कंगना रनौत और भाजपा पर निशाना साधा है। सामना के संपादकीय में कंगना को बेईमान, देशद्रोही और मानसिक विकृत बताया गया है। वहीं मोदी सरकार को देशद्रोही को सुरक्षा देने वाला बताया है। इतना ही नहीं सामना में मीडिया पर भी जमकर निशाना साधा गया और पत्रकारों को देशद्रोही बताकर अपशब्द लिखे गए हैं।सामना के इस संपादकीय को लेकर कंगना ने भी जवाब दिया है। कंगना ने लगातार तीन ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, मैं मानती हूं महाराष्ट्र ने मुझे सब कुछ दिया है। मगर मैंने भी महाराष्ट्र को अपनी भक्ति और प्रेम से एक ऐसी बेटी की भेंट दी है जो महाराष्ट्र शिवाजी महाराज की जन्मभूमि में स्त्री सम्मान और अस्मिता के लिए अपना खून भी दे सकती है। मैं सोलह साल की थी जब मुंबई आई। कुछ दोस्तों ने कहा मुंबई में वही रहता है, जिसे मुम्बादेवी चाहती हैं। हम सब मुम्बादेवी देवी के दर्शन करने गए, सब दोस्त वापस चले गए और मुम्बादेवी ने मुझे अपने पास ही रख लिया। रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और बलिदान को मैंने फिल्म के जरिए जिया है। दुख की बात यह है मुझे मेरे ही महाराष्ट्र में आने से रोका जा रहा है। मैं रानी लक्ष्मीबाई के पद चिन्हों पर चलूगी ना डरूंगी, ना झुकूंगी। गलत के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाती रहूंगी।सामना में लिखा है कि मुंबई की तुलना ‘पाक अधिकृत’ कश्मीर से करना और मुंबई पुलिस को माफिया आदि बोलकर खाकी वर्दी का अपमान करना बिगड़ी हुई मानसिकता के लक्षण हैं। महाराष्ट्र की 11 करोड़ मराठी जनता और मुंबई का अपमान मतलब देशद्रोह जैसा अपराध प्रतीत होता है, लेकिन जब ऐसा अपराध करनेवाले लोगों के साथ राष्ट्रभक्त मोदी सरकार का गृह मंत्रालय सुरक्षा कवच देकर खड़ा होता है, तब हमारे 106 शहीद स्वर्ग में आंसू बहा रहे होंगे। इतना ही नहीं सामना में लिखा गया कि राजनीतिक एजेंडे को सामने लाने के लिए देशद्रोही पत्रकार और सुपारीबाज कलाकारों के राजद्रोह का समर्थन करना भी गलत ही है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3bDvxSV
कोई टिप्पणी नहीं