Breaking News

अरुणाचल प्रदेश में 5 भारतीयों का अपहरण कर ले गई चीनी सेना, जानिए किसने किया ये सनसनीखेज दावा


भारत और चीन में लद्दाख में चल रहे सीमा विवाद के बीच अब अरुणाचल प्रदेश में भी ड्रैगन का दखल बढ़ रहा है। अब दावा किया जा रहा है कि अरुणाचल प्रदेश से पांच लोगों को चीनी सेना ने किडनैप किया है। अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग का दावा है कि चीनी सेना ने बॉर्डर से पांच भारतीयों का अपहरण कर लिया है। एरिंग का दावा है कि जिन पांच लोगों का अपहरण किया गया है, वे अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के रहने वाले हैं। इन्हें चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने किडनैप किया है। गौरतलब है कि पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। एरिंग की मांग है कि भारतीय सेना को इस मामले में दखल देना चाहिए। कांग्रेस विधायक ने भारत सरकार से कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की मांग की है। अपने ट्वीट में एरिंग ने दो स्क्रीनशॉट्स भी लगाए हैं, जिसमें एक यूजर अपने भाई के अगवा होने की बात लिखी है। वहीं दूसरे में पांचों के नाम हैं।अगवा किए गए पांचों लोग तागिन समुदाय से संबंधित हैं। वे लोग जंगल में शिकार के लिए गए थे, जब उन्हें चीनी सेना ने अगवा कर लिया, जिन लोगों का अपहरण किया गया है, उनकी पहचान टोच सिंगकम, प्रसात रिंगलिंग, डोंगटू एबिया, तनु बाकेर और गारू डिरी के रूप में हुई है। बताया गया कि इन पांच लोगों के साथ दो और ग्रामीण मौके पर मौजूद थे लेकिन अपहरण से पहले वे भागने में कामयाब रहे। उन्होंने इस घटना का जिक्र लोगों के सामने किया। हालांकि, पीड़ित लोगों के परिजन ने भारतीय सेना को इसके बारे में सूचना नहीं दी है। घटना के बाद से नाचो गांव में तनाव का माहौल है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2F6R8ac

कोई टिप्पणी नहीं