Corona: MLA अमीनुल इस्लाम गिरफ्तार, कोरोना को लेकर की सांप्रदायिक टिप्पणी तो लगा देशद्रोह का केस

असम में ऑल इंडिया डेमोक्रैटिक यूनाइटेड फ्रंट (AIUDF) के विधायक अमीनुल इस्लाम को सांप्रदायिक टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि उन पर देशद्रोह की धाराएं लगाई गई हैं। आपको बता दें कि अमीनुल इस्लाम की सोशल मीडिया पर एक क्लिपिंग वायरल हुई थी। इसमें इस्लाम यह कहते हुए दिखे थे कि कोरोना के लिए बने राज्य के क्वारंटीन सेंटर्स की हालत डिटेंशन सेंटर से भी बुरी है और मुस्लिमों के खिलाफ साजिश रची जा रही है।असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भास्कर ज्योति महंत ने जानकारी देते हुए बताया कि एआईडीयूएफ के ढिंग निर्वाचन क्षेत्र से विधायक अमीनुल इस्लाम को प्राथमिक जांच के बाद गिरफ्तार किया गया। विधायक की एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी जिसमें वह कोविड-19 अस्पतालों और क्वारंटीन सेंटर्स के बारे में सांप्रदायिक बातें बता रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि ये क्वारंटीन सेंटर्स , डिटेंशन सेंटरों से भी बदतर हैं। असम में सैकड़ों संदिग्ध अवैध प्रवासी (विदेशी नागरिक) इन्हीं डिटेंशन सेंटर्स में हैं। विधायक इस्लाम कह रहे हैं कि सरकार मुसलमानों के खिलाफ साजिश रच रही है और तबलीगी जमात से जुड़े लोगों को आइसोलेशन में क्वारंटीन सेंटर्स भेजा जा रहा है। इस्लाम ने कहा सरकार क्वारंटीन सेंटर्स में किसी शख्स को मरवा सकती है और बाद में वह कहेगी कि कोरोना से मौत हुई थी। सरकार की यह रणनीति हम सफल होने नहीं देंगे। जानकारी के लिए बता दें कि डीजीपी महंत ने कहा कि हमने आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की विभिन्न धाराओं के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस्लाम को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतम डी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। Follow @dailynews360 Tweets by dailynews360
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39U5gNs
कोई टिप्पणी नहीं