चीन से तीन दिन में 220 टन चिकित्सा सामग्री का होगा आयात, मोदी के मंत्री ने दी जानकारी

कोरोना वायरस कोविड-19 से लड़ाई के लिए चीन से भारत ने अब तक सबसे ज्यादा आयात किया है तथा अगले तीन दिन 220 टन और चिकित्सा सामग्री वहाँ से लायी जायेगी। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज बताया कि 23 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच तीन दिन में चीन से 220 टन चिकित्सा सामग्रियों का आयात किया जायेगा। इसमें सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के साथ ही निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट और कार्गो कंपनी ब्लूडार्ट के विमानों की भी मदद ली जायेगी। लॉकडाउन के दौरान 04 अप्रैल से 21 अप्रैल के बीच 18 दिन में कुल 322 टन चिकित्सा सामग्रियाँ विदेश से आयी हैं। इनमें 303 टन सामग्री चीन से और शेष 19 टन दक्षिण कोरिया से आयात किया गया है। पुरी ने सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया की तारीफ करते हुये कहा कि एयरलाइंस ने चीन के साथ स्थापित एयरो ब्रिज के माध्यम से अब तक 300 टन चिकित्सा सामग्रियों की ढुलाई की है। इसके अलावा लाइफलाइन उड़ान के तहत 330 उड़ानों के माध्यम से 551 टन चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति विभिन्न राज्यों में की गयी है। इस दौरान इन उड़ानों ने 3,27,623 किलोमीटर की दूरी तय की है। लाइफलाइन उड़ान 26 मार्च को शुरू की गयी थी।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3aAWhRD
कोई टिप्पणी नहीं