Breaking News

चंडीगढ़ की सिक्किम के खिलाफ 74 रन की बढ़त, शतक से चूके गुरइंदर


गुरइंदर सिंह(99), रमन बिश्नोई(51) और बिपुल शर्मा (58) ने सिक्किम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की लाज बचाई। क्रिकेट स्टेडियम-16 में आयोजित रणजी मैच में सिक्किम के खिलाफ एक समय में लड़खड़ाती दिख रही चंडीगढ़ की टीम के इन तीन बल्लेबाजी ने समझदारी से खेलते हुए टीम को संकट से उबारा। रविवार को मैच के दूसरे दिन सिक्किम के 264 रनों के जवाब में चंडीगढ़ ने आठ विकेट के नुकसान पर 338 रन बनाकर 74 रनों की बढ़त प्राप्त कर ली थी। इससे पूर्व बीते कल एक विकेट के नुकसान पर चार रनों से आगे खेलते हुए चंडीगढ़ ने इस बार सधी हुई शुरुआत दी। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद अर्सलन खान और कप्तान मनन वोहरा ने दूसरे विकेट के लिये 58 रन की साझेदारी रची। खतरनाक दिख रही इस जोड़ी पर नकेल ईश्वर चौधरी ने कसी जब 11वें ओवर में उन्होंने फार्म में चल रहे खान को 36 के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। इस समय स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 62 रन था। चार रनों बाद ही अतिरिक्त खिलाड़ी दिनेश ने कप्तान मनन वोहरा (22) को रन आउट कर चंडीगढ़ खेमे में तनाव की स्थिति पैदा कर दी। इसके बाद पर नुकसान की भरपाई करने विकेटकीपर बल्लेबाज उदय कौल और रमन बिश्नोई ने लगभग 22 ओवर्स के खेल में 85 रनों की मजबूत साझेदारी रची और स्कोर को डेढ़ सौ के पार लगाकर संकट से उबारने का प्रयास किया, लेकिन 40वें ओवर में अर्धशतक पूरा कर चुके रमन बिश्नोई (51) स्टार गेंदबाज ईश्वर चौधरी द्वारा क्लीन बोल्ड हुए। संकट के बादल एक बार फिर छाने लगे जब तीन ओवर बाद ही इकबाल अबदुल्ला ने अंकित कौशिक को मात्र एक रन पर आउट कर आधी टीम 158 रनों पर पवैलियन में बैठा दिया। इसके बाद खतरनाक दिख रहे उदय कौल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच ही रहे थे कि ली। लेप्चा ने उन्हें 44 के निजी स्कोर पर आउट किया। हरफनमौला खिलाड़ी बिपुल शर्मा और गुरइंदर शर्मा की जोड़ी ने चंडीगढ़ टीम के उस समय संकटमोचन का काम किया जब दोनों ने मिलकर 140 रनों की साझेदारी निभाकर विपक्षी खेमे को विकेट के लिए तरसाया। पारी के 88 ओवर में इकबाल की फिरकी गेंद ने गुरइंदर को उनके शतक से वंचित रखा। अपने 99 रनों की पारी में गुरइंदर ने 13 चौके जड़े। अगले की ओवर में बिपुल शर्मा (58) भी ईश्वर चौधरी का शिकार हुए, जिससे दिन का खेल समाप्त हुआ। ईश्वर चौधरी ने 88 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि इकबाल अबदुल्ला ने दो विकेट लिए। लेप्चा को एक ही विकेट से ही संतोष करना पड़ा।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2R8WOmg

कोई टिप्पणी नहीं