गुवाहाटी टी-20 मैच पर छाया CAA का संकट! स्टेडियम में नहीं ले सकेंगे ये चीजें

आज यानी रविवार को असम के गुवाहाटी में भारत-श्रीलंका के बीच 3 टी-20 की सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा। इस मैच में किसी भी प्रकार के बैनर-पोस्टर ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। यह जानकारी असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के सचिव देवाजीज सैकिया ने जारी की है। पुलिस के मुताबिक यह प्रतिबंध सिर्फ सुरक्षा कारणों के चलते लगाया गया है।एसीए के मुताबिक, मैच के दौरान चौके-छक्के के प्लेकार्ड के अलावा लिखने वाले मार्कर पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। मैच में पुरुषों को पर्स, लैडिज को हैंडबैग, मोबाइल फोन और वाहनों की चाबी ले जाने की अनुमति ही रहेगी।सचिव सैकिया ने कहा, ‘‘यह प्रतिबंध सभी के लिए लागू होगा। यह एक इंटरनेशनल इवेंट है। मैच में उच्चस्तर की सुरक्षा व्यवस्थाएं रहेंगी।’’ अक्टूबर 2017 में टी-20 मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की बस पर हुए पथराव की बात पर सैकिया ने कहा- हम हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।बीसीसीआई अधिकारियों का कहना है कि मैच में दर्शकों को चौके-छक्के के प्लेकार्ड स्पॉन्सर्स के द्वारा उपलब्ध कराए जाते हैं। इस मामले में हम कुछ नहीं कर सकते। हालांकि, हम लोकल अथॉरिटी से इस बारे में बात करेंगे। इसको लेकर बीसीसीआई प्रतिनिधि एम. मजूमदार ने कहा है कि अब तक मैच के 27 हजार टिकट बिक चुके हैं। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता 39,400 दर्शकों की है। मैच हाउसफुल रहेगा।हाल ही में एसीए के अध्यक्ष रोमेन दत्ता ने कहा था कि पहले यहां सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ था, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। हमने स्टेडियम और दोनों टीमों की सुरक्षा पुलिस को सौंप दी है। वह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, ताकि हालात नियंत्रण में रहे।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39Hk03F
कोई टिप्पणी नहीं