Breaking News

जर्जर सड़कों पर जनप्रतिनिधियों को पैदल घुमवाया ग्रामीणों ने

खंडवा. विकासखंड खालवा के गुलाईमाल में बुधवार को आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होने आए जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़कों पर पैदल घुमाया। ग्रामीण कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेता राम टेकाम, बसंत पंवार को वन ग्राम ढिमारिया के ग्रामीण अपने साथ पैदल गांव ले गए। ग्रामीणों ने नेताओं को अपनी समस्या बताते हुए गुलाई से ढिमारियां तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें एवं स्कूल जाने वाले बच्चों को गुलाई तक आने जाने में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पक्की सड़क नहीं होने से बरसात के दिनों में गांव का रास्ता लगभग बंद हो जाता है। ऐसे में यदि कोई बीमार हो जाता है तो और भी समस्या खड़ी हो जाती है। कांग्रेस नेता रामू टेकाम ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा मुख्यमंत्री को समस्या से अवगत कराएंगे एवं गांव में पक्की सड़क बनवाने के लिए बात करेंगे।


बैलगाड़ी दौड़ में टेमलावाड़ी की बैलगाड़ी रही प्रथम
हरसूद. ग्राम फेफरी सरकार में गुरुवार को बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम टेमलावाड़ी के उद्धव पटेल की बैलगाड़ी रही। दूसरे स्थान पर खालवा के अजय पटेल, तीसरे स्थान पर ढकोची के श्रीपाल एवं चौथे स्थान पर ग्राम ढकोची के प्रहलाद पटेल की बैलगाड़ी रही। बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन फेफरी सरकार के युवाओं ने किया गया था। जिसमें 30 बैलगाडिय़ों ने भाग लिया। बैलगाड़ी प्रतियोगिता का आनंद लेने के लिए ग्राम जामनी, फेफरी, चैनपुर सरकार, खोकरिया, फेफरी पुलिस आबादी, छनेरा, आशापुर, पाडल्या, पटाजन, रोशनी, सोनखेड़ी, हरसूद सहित अनेक स्थानों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। आयोजन में ग्राम के राजकुमार दरबार, सुहानी लौवंशी, गणेश मालाकार, मुकेश गुर्जर उपसरपंच एवं राजेश राजवैद्य का योगदान रहा।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/38vVrpE

कोई टिप्पणी नहीं