रोमांस और रोमांच का संगम है पटनीटॉप, Video देखने के बाद आने से खुद को रोक नहीं पाएंगे

अगर आप शांति और सुकून खोज रहे हैं तो बस कुछ दिनों के लिए अपने काम को अलविदा कहकर बैग पैक कर लीजिए और निकल जाएं ट्रिप पर। अब आप सोच रहे होंगे भला इतनी गर्मी में कहां जाएं, तो हम आपको बताने वाले हैं एक ऐसे बेहतरीन डेस्टिनेशन के बारे में जहां आपको बहुत सुकून मिलेगा। शहर की भागदौड़ से बहुत दूर जहां आपको सिर्फ पहाड़ों से टकराती हुई हवाओं की आवाजें सुनाई देंगी।हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां और दूर-दूर तक फैले चारगाह सभी के दिलों को सुकून देते हैं, और सुकून आपको मिलेगा पटनीटॉप में। पटनीटॉप, जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले में स्थित एक खुबसूरत हिल रिसॉर्ट है। इस स्थान को वास्तविक रूप से ‘पाटन दा तालाब’ नाम से जाना जाता था जिसका अर्थ है ‘राजकुमारी का तालाब’। एक कहावत के अनुसार राजकुमारी नहाने के लिए हर दिन इस तालाब का उपयोग करती थीं। हालांकि कुछ सालों बाद इसका नाम ‘पाटन का तालाब’ से बदलकर पटनीटॉप हो गया। प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर करने वालों के लिए बेहतरीन जगहों में से एक है पटनीटॉप। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पटनीटाप में हुई बर्फबारी के बाद सैलानियों को बर्फ से खेलने का भरपूर मौका मिलता है। पटनीटाप में जमीन, घरों, पेड़ों यहां तक कि गाड़ियो पर भी बर्फ जम जाती है। सड़क पर बर्फ गिरने से ट्रैफिक व्यवस्था में भी गड़बड़ा जाती है, इसलिए यहां आते समय विशेष सावधानी बरतें। बर्फबारी से ठंड भी बढ़ जाती है, इसको देखते हुए गर्म कपड़े लाना न भूलें। 60 मीटर की ऊंचाई से पटनीटाप के खूबसूरत देवदारों और उसके आसपास की खूबसूरती को गंडोले से निहारते ही लोग एक अलग दुनिया में खो जाते हैं।खूबसूरती और वाटरफॉल के अलावा यहां एडवेंचर एक्टिविटीज पर्यटकों को बेहद आकर्षित करती हैं। अगर आप फ्लाइट से पटनीटॉप पहुंचना चाहते हैं तो आपको बता दें कि यहां से नजदीकी एयरपोर्ट जम्मू में है। जम्मू से पटनी टॉप करीब 111 किलोमीटर है। यहां से आप टैक्सी लेकर पटनीटॉप जा सकते हैं। पर्यटकों ने अपने रिव्यू में बताया है कि यहां सड़क यात्रा बेहद रोमांचक होती है। रास्ते में कई ढाबे भी हैं जहां आप यहां का स्वाद भी चख सकते हैं। पटनीटॉप आने के लिए पर्यटक या तो जम्मूतवी रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं या फिर उधमपुर। देश के अलग-अलग हिस्सों से यहां के लिए ट्रेनें चलती हैं। आप यहां बस से भी पहुंच सकते हैं। जम्मू, उधमपुर, कटरा जैसी जगहों से बस से पटनीटॉप पहुंचा जा सकता है। यहां से आप टैक्सी भी बुक कर सकते हैं और खूबसूरत नजारों का मजा लेते हुए पटनीटॉप पहुंच सकते हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2W907vR
कोई टिप्पणी नहीं