Breaking News

Vijay hazare trophy- इस कारण मैच में पड़ा व्यवधान, नहीं हो सका पूरा मैच


विजय हजारे ट्रॉफी में बुधवार को उत्तराखंड और चंडीगढ़ के बीच होने वाले रोमांचक मैच पर बारिश ने पानी फेर दिया। उन्मुक्त चंद और चंडीगढ़ के मनन बोहरा की अगुवाई वाली टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जुटे थे, लेकिन मैच के पहले ही ओवर में खलल पड़ गया। मैदान गीला होने की वजह से मैच रद्द करना पड़ा और दोनों टीमों को 2-2 अंक दिए गए। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में बुधवार को उन्मुक्त चंद की कप्तानी वाली उत्तराखंड टीम का मुकाबला मनन बोहरा के नेतृत्ववाली चंडीगढ़ टीम के बीच था। स्टार प्लेयर वाली दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक जुटे थे। चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। उत्तराखंड टीम की तरफ से पहले कप्तान उन्मुक्त चंद और करनवीर कौशल मैदान में उतरे। पहले ओवर में उन्मुक्त चंद 2 व करनवीर 1 रन बनाकर क्रीज पर थे। इसी बीच चंडीगढ़ के गेंदबाज ने घास गीली होने के कारण रनर-अप में दिक्कत की बात अंपायर को बताई। अंपायर ने सहमति से मैच रुकवा दिया गया। इसके बाद मौसम बिगड़ गया। दोपहर 12.30 बजे हल्की बूंदा-बांदी के बाद 10 से 15 मिनट बाद बारिश थमी तो मैच दोबारा शुरू होने की उम्मीदें बढ़ीं। 1:30 बजे मैच रेफरी व अंपायर मैदान पर आए और सीमित ओवर में मैच कराने की संभावनाएं तलाशीं, लेकिन अंत में मैच रद्द करने का निर्णय लिया। उत्तराखंड के उन्मुक्त चंद और चंडीगढ़ के मनन बोहरा की बल्लेबाजी देखने लिए क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह था। इसके लिए सुबह 8:30 बजे ही बड़ी संख्या में युवा स्टेडियम पहुंच गए थे। युवाओं का कहना था कि वे उन्मुक्त चंद और मनन बोहरा की बल्लेबाजी देखने आए थे। आईपीएल के पूर्व चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर राजीव शुक्ला मैच शुरू होने से पहले मैदान में उतरे और उत्तराखंड टीम के खिलाड़ियों से मिले। उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी से परिचय लिया और उन्हें कैप पहनाई। इस दौरान क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला, पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट, सचिव महिम वर्मा, टीम मैनेजर कुमार थापा मौजूद रहे। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में लगातार दो दिन में खेले गए दोनों मुकाबलों में बारिश का खलल पड़ा। पहले दिन मंगलवार को नगालैंड व मणिपुर के बीच हुए मैच में नगालैंड की पारी ही हो सकी, मणिपुर की पारी शुरू होते ही बारिश शुरू हो गई। बुधवार को भी बारिश के कारण मैच रद्द हुआ। बता दें, मंगलवार रात हुई बारिश के कारण मैदान गीला हो गया था।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2mL8ccx

कोई टिप्पणी नहीं