Breaking News

असम में मचा बाढ़ कर कहर तो बॉलीवुड ने खोला दिल, इन हस्तियों ने की जमकर मदद


भीषण बाढ़ से जूझ रहे असमवासियों की मदद के लिए बॉलीवुड तथा खेल जगत की हस्तियों ने हाथ बढ़ाया है। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए दो करोड़ रुपये दिये हैं। प्रसिद्ध धाविका हिमा दास ने बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए अपने आधे महीने का वेतन दिया है, तो बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लोगों से बाढ़ पीडि़त की मदद करने की अपील की है। कुमार ने कहा कि वह मुख्यमंत्री राहत कोष और संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के विश्व धरोहर काजीरंगा नेशनल पार्क को एक-एक करोड़ रुपये देंगे। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, असम में बाढ़ से हुई तबाही की सूचना पाकर दुखी हूं। राज्य के बाढ़ पीडि़त मानवों तथा पशुओं को इस समय सहायता की जरूरत है। मैं मुख्यमंत्री राहत कोष तथा काजिरंगा पार्क को एक-एक करोड़ रुपये देना चाहता हूं।चोपड़ा ने ट्विटर पर लिखा, असम तथा देश के अन्य हिस्सों से आ रही सूचनाएं बहुत दुखदायी हैं। लोगों के विस्थापित होने तथा मरने की सूचनाएं पीड़ादायक हैं। मेरी दुआएं बाढ़ पीडि़तों के साथ है। गत 11 दिनों में तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली धाविका एवं इंडियन आयल कॉर्पोरेशन में एच.आर. के तौर पर कार्यरत दास ने ट्विटर पर लिखा, मैंने बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए थोड़ी सी सहायता की है और अन्य लोगों से भी असमवासियों की मदद करने की अपील कर रही हूं। हमारे राज्य में बाढ़ की स्थित बहुत खराब है। राज्य के 33 जिलों में से 30 जिले मौजूदा समय में बाढ़ की चपेट में हैं। इसलिए मैं बड़े व्यावसायिक घरानों और प्रसिद्ध व्यक्तियों से अपील करना चाहूंगी कि वे आगे आएं और विकट परिस्थिति में फंसे हमारे राज्य की मदद करें।उल्लेखनीय है दास असम की निवासी हैं। असम में अब तक बाढ़ के कारण कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी है और 50 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Y28soH

कोई टिप्पणी नहीं