छत्तीसगढ़ ने मणिपुर को 3-0 से हराकर अगले दौर में किया प्रवेश

छत्तीसगढ़ और मणिपुर के बीच खेले गए एक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने मणिपुर को सीधे सेट में 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। देर रात खेले गए मुकाबले का पहला सेट बेहद रोमांचक रहा। शुरुआत में कुछ पॉइंट्स की बढ़त लेने के बाद मणिपुर की टीम पिछड़ गई। पहला सेट छत्तीसगढ़ ने 25-21 से जीता। इसके बाद दूसरे सेट में छत्तीसगढ़ ने मणिपुर को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 25-17 से लीड को दोगुना कर दिया। इसके बाद फाइनल सेट में मणिपुर के खिलाड़ियों ने अच्छा खेल दिखाया। लेकिन अंत में हमारे खिलाड़ियों ने 25-23 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। छत्तीसगढ़ अपने तीसरे मुकाबले में उत्तराखंड से भिड़ेगी। छत्तीसगढ़ की ब्वॉयज वॉलीबॉल टीम ने यूथ नेशनल चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत की है। वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से राजस्थान में 7 जून तक आयोजित टूर्नामेंट में हमारी ब्वॉयज टीम का पहला मुकाबला पुडुचेरी से हुआ। तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 3-0 से जीत हासिल की। पहले सेट से ही छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने 10 पॉइंट की बढ़त बनाते हुए 25-14 से जीत हासिल की। इसके बाद दूसरे सेट में भी पुडुचेरी की टीम वापसी करने में नाकाम रही और छत्तीसगढ़ ने 25-14 से जीत हासिल की। अंतिम सेट में पुडुचेरी ने कुछ पॉइंट्स की बढ़त बना ली थी। लेकिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए 25-20 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। गर्ल्स कैटेगरी में हुए मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम को पहले मुकाबले में उत्तरप्रदेश ने 3-1 से हराया। मुकाबला दोनों के बीच बेहद रोमांचक रहा। पहला सेट छत्तीसगढ़ ने 26-24 से जीत कर 1-0 की बढ़त बना ली। लेकिन इसके बाद उत्तरप्रदेश की टीम ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट 25-16, 25-22, 26-24 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। छत्तीसगढ़ की ओर से कोमल, प्रिया, मनप्रीम और मनीषा ने अच्छा खेल दिखाया।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://www.dailynews360.com/story/sports/chhattisgarh-beat-manipur-3-0-to-enter-next-round-35361.html
कोई टिप्पणी नहीं