थापा, सरिता और अमित सहित पांच भारतीय क्वार्टर फाइनल में

शिव थापा पुरुषों के 60 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में चौथा पदक जीतने से अब केवल एक कदम दूर रह गए हैं जबकि उनके अलावा चार अन्य भारतीयों ने भी रविवार को यहां अंतिम आठ में जगह बनायी । थापा ने टूर्नामेंट के तीसरे दिन शानदार खेल दिखाते हुए किर्गिस्तान के सेइतबेक उलू को 4-1 से हराया । एशियाई चैंपियनशिप में चार स्वर्ण जीत चुकी सरिता देवी इस टूर्नामेंट में अपने छठे पदक की कवायद में हैं । इस 37 साल की मुक्केबाज ने कोरिया की गोवान युजिन को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया । इसी तरह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले अमित पंघल ने भी अपना अभियान जीत के साथ शुरू किया । अमित ने ताइवान के तू पो वेई को 5 -0 से हराते हुए 52 किग्रा वर्ग के अंतिम आठ में जगह बनायी । अगले दौर में अमित का सामना मौजूदा ओलंपिक चैंपियन हसन बाई डुस्मातोव से होगा । पूर्व विश्व जूनियर निखत जरीन (51 किग्रा) ने भी आसान जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया । निखत ने अपने पहले की मुकाबले में कम्बोडिया की श्रे पोव नाओ को हराया ।पुरुषों के 59 क्रिग्रा वर्ग में आशीष ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है । वह किर्गिस्तान के अब्दुराखमन ए. पर 4-1 की जीत हासिल करने में सफल रहे और क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी । इस बीच भारत को निराशा भी हाथ लगी । भारत के बृजेश यादव की 81 किग्रा वर्ग में उजबेकिस्तान के दिल्होदबेक रुज्मेतोव के हाथों 0-4 से हार मिली । दूसरे राउंड में यादव को कट लगा और वह मुकाबले से बाहर हो गए । इस तरह दो राउंड तक चले मुकाबले के आधार पर रुज्मेतोव विजेता घोषित किया गया ।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2DlkLAP
कोई टिप्पणी नहीं