Breaking News

अचानक आई प्राकृतिक आपदा, दिन में ही छाया अंधेरा


महानगर सहित निचले व मध्य असम में दोपहर को आए तूफान के कारण भारी क्षति होने की सूचनाएं मिली हैं। तूफान के कारण कई जगह विशालकाय पेड़ों के उखड़ने के साथ ही पोस्टर-होर्डिंग भी धराशायी हो गए। आज के मौसम की मार सबसे अधिक चुनावी सभाओं पर पड़ी। बीपीएफ उम्मीदवार प्रमिलारानी ब्रह्म की चिरांग में हो रही चुनावी सभा भी तूफान की भेंट चढ़ गई। बीपीएफ प्रमुख हाग्रामा मोलिहारी जब भाषण दे रहे थे तभी तेज आंधी के साथ तूफान आया और सभास्थल में भगदड़ मच गई। तूफान की चपेट में आने से न सिर्फ पंडाल तहस-नहस हो गया, बल्कि कुर्सियां भी उड़कर दूर जा गिरीं। अचानक से आई इस प्राकृतिक आपदा के कारण सभास्थल पर जमा लोगों में भगदड़ मच गई और मोहिलारी सहित बीपीएफ के अन्य नेताओं को सभा बीच में ही छोड़कर लौटना पड़ा।दक्षिण कामरूप में भाजपा उम्मीदवार क्वीन की चुनावी सभा भी तूफान के कारण बुरी तरह से प्रभावित हुई। इस सभा में मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, वित्त मंत्री डा. हिमंत विश्व शर्मा सहित अन्य कई मंत्रियों को शिरकत करना था, लेकिन एकाएक आए तूफान के कारण सभास्थल तहस-नहस हो गया और नेतागण भी कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। बाद में तूफान के थमने के पश्चात यह चुनावी सभा आयोजित की गई। इसी प्रकार निचले और मध्य असम के कई इलाकों में तूफान के कारण भारी क्षति होने की सूचना मिली है।महानगर में करीब 1.15 पर अचानक से अंधेरा छा गया और बाद में तूफान के साथ ही बरसात शुरू हो गई। इस दौरान ओले भी गिरे, जिसके कारण कई लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे आदि टूट गए। तूफान के कारण चांदमारी में एक भारी भरकम पेड़ धराशायी हो गया और एकाएक अंधेरा छा जाने की वजह से वशिष्ठ सहित अन्य कई इलाकों की प्रमुख सड़कों पर वाहन जाम की स्थिति पैदा हो गई। उस वक्त अंधेरा इतना घना था कि वाहन भी अपनी हेडलाइन जलाकर आगे बढ़ते नजर आए। दोपहर 1.30 के बाद का वक्त छोटे-छोट बच्चों का स्कूल से घर लौटने का समय होता है, लिहाजा ऐसे बच्चों के अभिभावकों को खासा परेशान देखा गया।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2TVVZBs

कोई टिप्पणी नहीं