Breaking News

भारत ने बेल्जियम पर 2-1 की बना ली थी बढ़त, लेकिन 56वें मिनट के खेल ने बिगाड़ा गणित, करना पड़ा ड्रॉ से संतोष


ओडिशा में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया मजबूत बेल्जियम के खिलाफ जीत से चूक गई। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले जा रहे पूल-सी के अपने दूसरे मैच में रविवार को उसे बेल्जियम से 2-2 से ड्रॉ खेलना पड़ा। भारतीय टीम एक समय 2-1 से आगे थी लेकिन आखिरी चंद मिनटों में बेल्जियम ने गोल दाग भारत की जीत के अरमान को तोड़ दिया। ल्जियम के लिए एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने आठवें और सायमन गौगनार्ड ने 56वें मिनट में गोल दागे। भारत के लिए हरमनप्रीत ने 40वें और सिमरनजीत सिंह ने 47वें मिनट में अहम गोल दागे। वैसे एक जीत और एक ड्रॉ के साथ भारत अपने ग्रुप में टॉप पर है।बेल्जियम ने मैच का आगाज अपने चिर-परिचित अंदाज में शुरू किया। उसे पहले मिनट में ही दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गोलकीपर श्रीजेश ने बेल्जियम की उम्मीदें तोड़ी। इसके बाद आठवें मिनट में बेल्जियम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और हेंडरिक्स ने गोलकीपर श्रीजेश को छकाते हुए पहला गोल दागा। भारत ने इस टूर्नामेंट में पहला गोल खाया।दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने बेल्जियम को नाको चने चबवा दिए। भारत ने 40वें मिनट में जबर्दस्त पलटवार किया। वरुण कुमार ने भारत को पेनल्टी स्ट्रोक दिलाया और हरमनप्रीत सिंह ने कोई गलती नहीं की। हरमनप्रीत सिंह ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 47वें मिनट में भारतीय टीम ने एक और गोल किया। सिमरनजीत सिंह ने जबर्दस्त प्रदर्शन दिखाते हुए वर्ल्ड कप में अपना तीसरा गोल किया। एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया मैच जीत जाएगी, तभी बेल्जियम ने अचानक से हमला कर स्कोर बराबर कर लिया। 56वें मिनट में बेल्जियम के सिमॉन ने गोल दागा और मैच 2-2 से ड्रॉ रहा।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2zHjDWf

कोई टिप्पणी नहीं