ट्राइबेकर राउंड में असम रेजिमेंट को हरा एएमसी बना चैंपियन

एएमसी सेंटर ने 17वीं असम रेजिमेंट को 5-4 गोलों से शिकस्त देकर हेमवती नन्दन बहुगुणा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। फुलटाइम तक 1-1 गोल की बराबरी के बाद नतीजा ट्राइब्रेकर से निकाला गया। खेल मंत्री चेतन चौहान ने विजेता टीम और टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।ला-मार्टिनियर मैदान पर खेला गया फाइनल बेहद कांटे का रहा। एएमसी सेंटर और असम रेजिमेंट के खिलाड़ियों ने सभी को प्रभावित किया। खासतौर से दोनों तरफ के फुलबैक बेहद मुस्तैद दिखे, जिसके चलते ज्यादा गोल नहीं हो सके। मैच का पहला गोल 15वें मिनट में एएमसी की तरफ से एन कहाई ने किया। पहला हाफ 1-0 स्कोर पर खत्म हुआ। सेकंड हाफ में असम की टीम ने रणनीति बदलते हुए सिर्फ छोटे पास पर भरोसा किया, जिसका फायदा 58वें मिनट में मिला। इसके साथ ही स्कोर 1-1 की बराबरी पर आ गया और फुलटाइम तक यही स्कोर रहा। फाइनल मैच का नतीजा ट्राइब्रेकर के जरिए निकाला गया। यहां भी मामला बेहद करीबी रहा। हालांकि, 5-4 गोलों के साथ एएमसी की टीम विजेता बनी।प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट एएमसी के बिकी महली बने। वहीं, बेस्ट गोलकीपर स्टेट यूनाइटेड के रोहित सिंह और बेस्ट मिडफील्डर ब्रायन इलेवन के रमन चुने गए। टूर्नामेंट की बेस्ट डिसिप्लिन टीम का पुरस्कार वाइट ईगल को मिला, तो बेस्ट डिफेंडर का इनाम असम रेजिमेंट के नेहुल के नाम रहा। प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा गोल करने पर एएमसी के मेकांता को मेडल दिया गया और मानसरोवर क्लब के नीरज मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर बने।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QQ6q3w
कोई टिप्पणी नहीं