NRC पर बोले राम माधव, किसी के साथ नहीं होगा अन्याय

भाजपा के महासचिव राम माधव ने असम के एनआरसी पर अपने विचार व्यक्त किए हैं आैर कहा है कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होगा, इससे संबंधित लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए पूरा मौका मिलेगा। उन्होंने दावा कि किसी भी सांप्रदायिक समूह को परेशान करने, किसी के खिलाफ किसी भी विरोधाभास के साथ यह प्रयास नहीं किए जा रहे। उन्होंने कहा, ‘‘असम और राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में हम कड़े फैसले लेने को तैयार हैं, लेकिन किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा।’’ माधव ने कहा कि पीड़ित लोगों के पास ट्रिब्यूनल और उच्च न्यायालय जाने का विकल्प भी मौजूद है।बता दें कि असम के राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) में कुल 3.29 करोड़ लोगों में से 2.89 करोड़ लोग योग्य पाए गए हैं। इनके अलावा 40 लाख लोगों के वहां अवैध रूप से रहने का दावा किया जा रहा है। यह आंकड़े एनआरसी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जारी किए हैं। हालांकि अंतिम मसौदा जारी होने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा था कि यह महज एक मसौदा है अंतिम लिस्ट नहीं है।एनआरसी के रजिस्ट्रार जनरल शैलेश ने जानकारी दी है कि जिन लोगों का नाम पहले मसौदे में था और अंतिम मसौदे से गायब है, उन्हें एनआरसी की ओर से व्यक्तिगत पत्र भेजा जाएगा। इसके जरिये वह अपना दावा पेश कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है। पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वह असम में हाल ही में प्रकाशित राष्ट्रीय नागरिक पंजी के मसौदे में शामिल किए गए व्यक्तियों में से दस फीसदी के पुन: सत्यापन पर विचार कर सकता है। शीर्ष अदालत ने इस मुद्दे को ‘‘बड़ी मानव समस्या’’ करार दिया था।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2C7oyn1
कोई टिप्पणी नहीं