दिवाली में शुरू हो जाएगा राम मंदिर के निर्माण का काम

भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने दावा किया है कि दिवाली में अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। गुवाहाटी में लोगों को संबोधित करते हुए स्वामी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जल्द शुरू होगा। मुस्लिम कहीं भी नमाज पढ़ सकते हैं लेकिन भगवान राम का जन्मस्थल एक ही है, इसलिए वहां राम मंदिर ही बनेगा। स्वामी ने ड्राफ्ट एनआरसी में अवैध विदेशियों के नाम शामिल किए जाने के खिलाफ स्थानीय गैर सरकारी संगठनों को शिकायतें दर्ज कराने को कहा। आपको बता दें कि 30 जुलाई को एनआरसी का अंतिम ड्राफ्ट जारी किया गया था। इसमें करीब 40 लाख लोगों के नाम शामिल नहीं है। बताया जा रहा है कि ये सभी अवैध नागरिक हैं। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एनआरसी अपडेशन का काम पूरा हुआ था। जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट एनआरसी में शामिल नहीं हैं, उन्हें सरकार ने दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का एक और मौका दिया है। स्वामी ने कहा, अगर विदेशियों के नाम ड्राफ्ट एनआरसी में शामिल किए जाते हैं तो गैर सरकारी संगठनों को शिकायत दर्ज करानी चाहिए कि वे क्या कर रहे हैं? नागरिकता (संशोधन) बिल 2016 पर स्वामी ने कहा कि हमें हिंदू लोगों को शरण देनी चाहिए क्योंकि भारत हिंदुओं का देश है। स्वामी ने कहा कि जीएसटी और विमुद्रीकरण को सही से लागू नहीं किया गया। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने कहा कि अगर राफेल सौदे में कोई घोटाला हुआ है तो कांग्रेस को आधिकारिक शिकायत करनी चाहिए। स्वामी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। होजई से भाजपा विधायक शिलादित्य देव ने यह दावा कर नया विवाद खड़ा कर दिया है कि असम सरकार ने नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स के अपडेशन की प्रक्रिया पर 1200 करोड़ रुपए बर्बाद किए हैं। आपको बता दें कि देव लगातार एनआरसी को लेकर विवादित बयान दे रहे हैं। इसको लेकर उनके खिलाफ केस भी दर्ज हो चुका है। देव ने ताजा बयान में कहा कि एनआरसी अपडेशन की पूरी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार हुआ है। हालांकि अपडेशन की प्रक्रिया मूल लोगों को प्रोटेक्ट करने के लिए थी लेकिन यह अपने मकसद से भटक गई है। कुछ लोग एनआरसी में अपने नाम शामिल कराने के लिए अधिकारियों को घूस दे रहे हैं। जरूरी दस्तावेज होने के बावजूद सही नागरिकों के नाम एनआरसी में शामिल नहीं किए गए। इससे साबित होता है कि अपडेशन की प्रक्रिया में भारी त्रुटियां हैं। अपडेशन प्रोसेस को देखने के लिए एक्सक्लूसिव मॉनिटरिंग कमेटी होनी चाहिए।ड्राफ्ट एनआरसी में धुबरी,बारपेटा, कछार, करीमगंज और गोआलपाड़ा के कई बांग्लादेशी मुस्लिमों को शामिल किया गया है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2oA66dj
कोई टिप्पणी नहीं