विराट कोहली और चानू को खेल रत्न, हिमा व नीरज को मिला अर्जुन अवॉर्ड

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और विश्व चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू को प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार जबकि भाला फेंक के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा और धाविका हिमा दास सहित 18 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।कोहली पर टिकी रहीं सबकी निगाहें राष्ट्रपति भवन के अशोका हॉल में आयोजित समारोह में सभी की निगाहें कोहली पर टिकी थी, जो सचिन तेंदुलकर (1997-98) और महेंद्र सिंह धोनी (2007) के बाद खेल रत्न हासिल करने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गये हैं। इससे पहले 2013 में अर्जुन पुरस्कार और पिछले साल पद्म श्री हासिल करने वाले कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा, मां सरोज कोहली, भाई विकास और कोच राजकुमार शर्मा के साथ समारोह में पहुंचे थे। कोहली कार्यक्रम से पांच मिनट पहले पहुंचे और कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद चले गये। तीरंदाजी कोच जीवनजोत सिंह का नाम पुरस्कारों की लिस्ट हटायाराष्ट्रपति ने इसके अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार भी प्रदान किये। द्रोणाचार्य पुरस्कारों को लेकर तब विवाद पैदा हो गया था जब तीरंदाजी कोच जीवनजोत सिंह का नाम पूर्व में अनुशासनहीनता के एक मामले के कारण इन पुरस्कारों की सूची से हटा दिया गया था। जीवनजोत ने विरोध में कोच पद से इस्तीफा भी दे दिया है। इस अवसर पर खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी उपस्थित थे। विश्व के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज कोहली पिछले तीन साल से बेहतरीन फार्म में चल रहे हैं। उन्हें इससे पहले 2016 और 2017 में भी इस पुरस्कार के लिये नामित किया गया था। कोहली ने अब तक 71 टेस्ट मैचों में 6147 रन और 211 वनडे में 9779 रन बनाये हैं। मीरा बार्इ चानू के लिए था सबसे सुखद पल चानू को पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में 48 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतने के कारण इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये चुना गया। उन्होंने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी सोने का तमगा जीता था लेकिन चोट के कारण एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पायी थी। चानू ने बाद में कहा कि अपने करियर के शुरुआती दौर में ही देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार मिलने से वह हैरान थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि करियर के शुरुआती दौर में ही मुझे खेल रत्न मिल जाएगा। यह मेरी जिंदगी का सबसे सुखद पल है। इससे मुझे कोहली जैसे खिलाड़ी के पास बैठने का मौका मिला। मैं अब फिट हूं और मैंने अभ्यास शुरू कर दिया है।’’ एथलीट नीरज चोपड़ा और हिमा दास रहे आकर्षण का केंद्र राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को पदक और प्रशस्ति पत्र के अलावा 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार विजेता को लघुप्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाड़ियों में एथलीट नीरज चोपड़ा और हिमा दास आकर्षण का केंद्र रहे। विश्व जूनियर रिकार्ड धारक चोपड़ा ने इस साल राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में सोने के तमगे जीते। अर्जुन पुरस्कार ग्रहण करके खुश हैं हिमाजबकि हिमा फिनलैंड में विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बनी थी। उन्होंने 400 मीटर में यह उपलब्धि हासिल की। हिमा दास ने कहा, ‘‘मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। जब आपके प्रदर्शन को मान्यता मिलती है तो अच्छा लगता है। मैं बहुत खुश हूं।’’ अर्जुन पुरस्कार पाने वाले एक अन्य एथलीट जिन्सन जानसन ने कहा, ‘‘‘इस पुरस्कार से मुझे आगामी प्रतियोगिताओं विशेषकर ओलंपिक 2020 में अच्छा प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।’’ निशानेबाजों का अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वालों में फिर से दबदबा रहा। इनको भी किया गया सम्मानितइस बार श्रेयसी सिंह, राही सरनोबत और अंकुर मित्तल को यह पुरस्कार मिला। गोल्फर शुभंकर शर्मा और युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा को भी राष्ट्रपति ने अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। श्रेयसी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें ओलंपिक में पदक जीतकर खेल रत्न हासिल करने के लिये प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस अनुभव को बयां नहीं किया जा सकता। मैं ओलंपिक क्वालीफिकेशन की तैयारियों में लगी हुई हूं। इस पुरस्कार के बाद निश्चित तौर पर मेरा लक्ष्य खेल रत्न हासिल करना है जिसके लिये मुझे ओलंपिक पदक जीतना होगा। अर्जुन पुरस्कार से लक्ष्य हासिल करने के लिये प्रोत्साहन मिला है।’’ महिला क्रिकेटर स्मृति मंदाना भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर होने के कारण समारोह में भाग नहीं ले पायी। टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना भी चीन में एटीपी टूर्नामेंट में खेलने के कारण पुरस्कार समारोह में नहीं पहुंच सके।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2N4picI
कोई टिप्पणी नहीं