Breaking News

यौनाचार के शिकार बच्चे पुलिस सुरक्षा में भेजे गये असम


बोधगया स्थित प्रज्ञा ज्योति मेडिटेशन सेंटर में अप्राकृतिक यौनाचार के शिकार हुए बच्चे जीआरपी पुलिस की सुरक्षा में असम उनके घर भेजे गए। इन बच्चों के साथ रहे उनके अभिभावकों ने कहा कि वे अब असम में ही अपने बच्चों की सही तरीके से परवरिश करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि वे चाहेंगे कि दोषियों के खिलाफ कड़ी-से-कड़ी कार्रवाई की जाये, ताकि भविष्य में किसी दूसरे बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो। इसके पहले सभी बच्चे जीआरपी थाना लाये गए।यहां रेल पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार ने सभी बच्चों व उनके अभिभावकों से बातचीत की। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा इन बच्चों को भेजे जाने संबंधी सभी कागजातों को देखा। जीआरपी थाना पहुंचे 15 बच्चों के चेहरे पर खामोशी थी। उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था कि वह अपने साथ हुए हादसों से अभी भी नहीं उबरे हैं। आठ से 13 वर्ष के ये बच्चे जल्द-से-जल्द अपने घर पहुंचने को बेताब भी दिखे। रेल पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मिले आदेश के बाद इन सभी बच्चों को असम कामाख्या एक्सप्रेस से भेजा जा रहा है। इन बच्चों के साथ प्रशिक्षु अवर निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, सिपाही मोहम्मद साहेब, राजेश कुमार, बालदेव कुमार व रंजीत कुमार गये हैं।अभिभावकों ने कहा कि निश्चित तौर पर वह इस घटना से बेहद दुखी हैं। वह अपने बच्चों को अब अपनी आंखों से दूर नहीं होने देंगे। जब कभी केस के सिलसिले में हमें बिहार बुलाया जायेगा, हम हर संभव मदद करने यहां आयेंगे, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। उन्होंने मीडिया व पुलिस को पूरे सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया। वहीं, एक अन्य ने कहा कि उनका 11 वर्षीय भाई व आठ वर्षीय बेटा भी यौनाचार का शिकार हुआ है। हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि मेडिटेशन सेंटर चलानेवाले आरोपित भंते के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2oG26b9

कोई टिप्पणी नहीं