Breaking News

मेजर गोगोई मामले में सेना प्रमुख ने कहा, होगी कोर्ट मार्शल प्रक्रिया


थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने मंगलवार को कहा कि श्रीनगर में एक होटल में एक महिला के साथ पकड़े गए सैन्य अधिकारी लितुल गोगोर्इ के खिलाफ कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और उन्हें उचित दंड दिया जाएगा। सेना प्रमुख ने कहा कि नैतिक कदाचार और भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में कड़ाई से निपटा जाएगा।मीडिया से बात चीत के दौरान जनरल रावत ने कहा कि मैंने स्पष्ट कहा था कि नैतिक कदाचार और भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में बेहद कड़ाई से निपटा जाएगा। कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी ने सिफारिश की है कि हमें कोर्ट मार्शल की कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर यह नैतिक कदाचार का मामला है तो हम उसी अनुसार कार्रवाई करेंगे। अगर कुछ और मामला है तो सजा उनके किये अपराध के हिसाब से दी जाएगी। सेना की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी में पिछले महीने मेजर गोगोई को श्रीनगर के एक होटल में एक स्थानीय महिला से दोस्ती करने और उनके कार्यस्थल से दूर रहने के मामले में दोषी ठहराया गया था। मेजर गोगोई को कहासुनी के बाद मई महीने में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। वह उस समय कथित तौर पर 18 साल की महिला के साथ श्रीनगर के होटल में घुसने की कोशिश कर रहे थे।मेजर गोगोई अप्रैल 2017 में तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने कश्मीर घाटी के बड़गाम जिले में पत्थरबाजों के हमले से साथियों और चुनाव कर्मियों को बचाने के लिए एक कश्मीरी युवक फारूक डार को जीप के बोनट से बांध दिया था। तब जनरल रावत ने उन्हें सेना प्रमुख के प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया था।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2PGj84v

कोई टिप्पणी नहीं