काठमांडू: त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर हादसा, 12 घंटे तक बंद रहने के बाद सेवाएं शुरू
काठमांडू। नेपाल में एक विमान हादसे की खबर आ रही है। दरअसल वहां के एक निजी वायु सेवा प्रदाता का एक घरेलू विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये हादसा रनवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि विमान त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे से बाहर निकल गया।
हादसे के वक्त विमान में 21 यात्री सवार
इस घटना के बारे में त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के जनरल मैनेजर राज कुमार छेत्री ने मीडिया के सामने एक बयान जारी किया है। उनकी ओर से जारी किए बयान में कहा गया कि, 'ये विमान नेपालगंज से काठमांडू की ओर उड़ान भरनेवाला था। हादसे के वक्त विमान में 21 यात्री सवार थे। विमान शनिवार को शाम करीब 8:30 बजे रनवे से फिसल कर बाहर निकल गया।' बताया जा रहा है कि घटना के समय विमान फिसल कर पास के घास के खेतों में जा पहुंचा।
विमान में सवार पांच यात्री घायल
छेत्री ने अपने बयान में आगे कहा कि इस घटना में विमान में सवार पांच यात्रियों को बिना किसी गंभीर खतरे के मामूली चोटें आईं हैं। इसके अलावा बाकी सभी यात्री और विमान के क्रू मेंबर्स सुरक्षित बच गए। इस घटना के बाद में एयरपोर्ट को रखरखाव के लिए कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। इस दौरान दशकों पुराने इस रनवे में आई दरारों को भरने का काम किया गया।
12 घंटों तक बंद रहने के बाद एयरपोर्ट की सेवाएं वापस शुरू
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद 12 घंटों तक बंद रहने के बाद एयरपोर्ट को आखिरकार खोल दिया गया है। बताया जा रहा है कि रविवार को सुबह 8:25 बजे से एयरपोर्ट को सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है। इस बारे में एक ड्यूटी आफिसर ने जानकारी दी है। आपको बता दें कि इस घटना की वजह से वहां के विमानों को नई दिल्ली, ढाका और लखनऊ डाइवर्ट करना पड़ा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2PqIiDS
कोई टिप्पणी नहीं