Breaking News

सोने के दामों में जबरदस्त तेजी, इतनी बढ़ गई 10 ग्राम की कीमत

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में आई जबरदस्त तेजी के बीच डॉलर की तुलना में रुपए के 71 रुपए प्रति डॉलर के नीचे उतरने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शुक्रवार 31 अगस्त 2018 को 140 रुपए चमककर 11 जुलाई के बाद के उच्चतम स्तर 31,340 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान औद्योगिक मांग सामान्य रहने से चांदी 38,300 रुपए पर स्थिर रही।

विदेशी निवेशकों में बढ़ी सोने की मांग

विदेशी बाजारों में निवेशकों के बीच पीली धातु की मांग तेजी हुई है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के अन्य उत्पादों पर भी टैरिफ लगाने के संकेत दिए हैं जिससे निवेशकों का रुझान पीली धातु में बढ़ा है। इसके अलावा दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से भी इसकी मांग बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लंदन का सोना हाजिर 7.62 डॉलर चमककर 1,207.15 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 8.10 डॉलर की बढ़त में 1,213.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.14 डॉलर की तेजी में 14.65 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई।

चांदी के दाम रहे स्थिर

स्थानीय बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। सोना हाजिर 140 रुपए की मजबूती के साथ 31,340 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 11 जुलाई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतना ही चढ़कर 31,190 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी की खनक भी बढ़ी और यह 100 रुपए की मजबूती में 24,600 रुपए बोली गई। चांदी हाजिर गत दिवस के 38,300 रुपए प्रति किलोग्राम पर टिकी रही। चांदी वायदा में 125 रुपए की गिरावट देखी गई और यह 36,955 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,340

- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,190

- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 38,300

- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 36,955

- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 74,000

- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,600



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2LJgrN5

कोई टिप्पणी नहीं