कोरोना को हल्के में ले रही थी ये महिला, फिर ऐसे दिखाया अपना हाल

दुनियाभर में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है और इस खतरनाक वायरस का दायरा भी फैलता जा रहा है। माना जा रहा है कि यह वायरस ज्यादातर बड़ी उम्र के लोगों को अपना शिकार बना रहा है लेकिन इसकी चपेट में आने वाले युवाओं को भी दर्दनाक दौर से गुजरना पड़ता है। इसकी बानगी दिख रही है सोशल मीडिया पर वायरल एक विडियो में जिसमें लंदन में रहने वाली 39 साल की तारा लैंगस्टन बता रही हैं कि कैसे वह पहले इस बीमारी को गंभीरता से नहीं ले रही थीं लेकिन अब वह मना रही हैं कि दोबारा ऐसा कुछ कभी न हो। अगर कोई किसी भी तरह का चांस लेने के बारे में सोच रहा है, तो मेरी हालत देखे- इंटेंसिव केयर यूनिट में भर्ती तारा सभी मेडिकल इक्विपमेंट्स दिखाती हैं जिनके सहारे वह सांस ले पा रही हैं और वायरस से लड़ रही हैं। तारा का कहना है कि विडियो बनाते वक्त वह पहले की अपनी हालत के मुकाबले 10 गुना बेहतर महसूस कर रही हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितने मुश्किल वक्त से गुजर चुकी हैं। तारा ने मेलऑनलाइन से बातचीत में अपनी स्थिति के बारे में बताया है- ऐसा लगता है कि आपके लंग्स में कांच है। उन्होंने बताया कि पहले वह भी यही सोचती थीं कि कोरोना वायरस को जरूरत से ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है। उनका कहना है कि कोरोना होने के बाद वह मना रही हैं कि दोबारा ऐसा कुछ न हो, क्योंकि यह बहुत खराब अनुभव था। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोई चांस न लें वरना उनकी जैसी हालत हो जाएगी। प्रधानमंत्री बोरिस जॉन्सन ने लोगों से एक-दूसरे से दूरी बनाने की अपील की है लेकिन बिना किसी सरकारी रोक के लोग अभी भी सार्वजनिक स्थानों पर जुट रहे हैं। वहीं, तारा का कहना है कि लोगों को समझना होगा कि सिर्फ खुद को आइसोलेट करना ही एकमात्र तरीका है। उन्होंने स्मोक करने वालों से सिगरेट छोड़ने को भी कहा है। तारा अब पहले से बेहतर हैं और उन्हें आईसीयू से बाहर निकाल लिया गया है। देश में हालात को देखते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉन्सन ने कहा है कि अगर लोगों ने सरकार के सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशा का सख्ती से पालन नहीं किया तो देश में कर्फ्यू और यात्रा पर बैन लगाने की जरूरत पड़ सकती है। सरकार ने करीब 15 लाख लोगों से 12 हफ्तों के लिए घर पर रहने को कहा है। अब तक देश में 5,683 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं और 281 की मौत हो चुकी है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QBMjsa
कोई टिप्पणी नहीं